विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीन राज्यों की पांच विधानसभा और नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव का एलान, 6 अक्टूबर को होगी वोटिंग

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:55 PM (IST)

चुनाव आयोग ने तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की ...और पढ़ें

नंदीग्राम सहित पांच विधानसभा क्षेत्रों और नगांव लोस सीट पर छह अक्टूबर को होंगे उपचुनाव

नंदीग्राम सहित पांच विधानसभा क्षेत्रों और नगांव लोस सीट पर छह अक्टूबर को होंगे उपचुनाव

HighLights

  1. चुनाव आयोग ने उपचुनावों की घोषणा की।

  2. 6 अक्टूबर को मतदान, 9 अक्टूबर को मतगणना।

  3. नंदीग्राम सहित पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव।

पीटीआई, नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने की घोषणा की। इसमें बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा रिक्त की गई नंदीग्राम सीट भी शामिल है।

शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखने का निर्णय किया था, जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों के साथ ही असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में भी छह अक्टूबर को उप चुनाव होंगे, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।

नगांव सीट प्रद्युत बारदोलोई ने रिक्त की थी। उन्होंने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर इस लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी। वह भाजपा में शामिल हो गए और हाल में हुए विधानसभा चुनाव में दिसपुर से विजयी हुए।

शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई में भाजपा ने बंगाल में पहली बार सरकार बनाई है। उन्होंने अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर दो सीटों से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में 15,105 मतों के अंतर से हराया और बाद में नंदीग्राम सीट छोड़ दी। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में भी बनर्जी को हराया था।

बंगाल की एक और सीट, जिस पर उप चुनाव होने वाला है वह है रेजीनगर। यह सीट आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। कबीर तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता हैं। पार्टी से निकाले जाने के बाद उन्होंने एजेयूपी का गठन किया। 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नाओदा, दो सीट पर जीत हासिल की थी।

तमिलनाडु में मदुरंतकम (आरक्षित) और धारापुरम (आरक्षित) विधानसभा सीट पर उप चुनाव होंगे। इन निर्वाचन क्षेत्रों में हाल ही में हुए चुनावों में अन्नाद्रमुक उम्मीदवार क्रमश: मरगथम कुमारवेल और पी. सत्यभामा ने जीत हासिल की थी।

ये दोनों उन बागी अन्नाद्रमुक विधायकों के समूह में शामिल थे, जिन्होंने विधानसभा में विश्वास मत के दौरान मुख्यमंत्री विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार का समर्थन किया था। बाद में कुमारवेल और सत्यभामा ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गए, जिसके कारण उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी।

पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट मुख्यमंत्री और आल इंडिया एनआर कांग्रेस (एएनआरसी) के प्रमुख एन रंगासामी ने रिक्त की थी। उन्होंने विधानसभा चुनाव में थट्टनचावडी और मंगलम, दो सीट से जीत हासिल की थी।

रंगासामी ने मंगलम सीट अपने पास रखने का फैसला किया और थट्टनचावडी सीट से इस्तीफा दे दिया।

एएनआरसी नेता ने कुछ दिन पहले घोषणा की थी कि पार्टी के पूर्व विधायक अशोक आनंद उप चुनाव में उसकी ओर से उम्मीदवार होंगे।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि संबंधित जिलों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

लोकसभा की दो अन्य सीटों मेघालय में शिलांग और बंगाल में बशीरहाट अभी भी रिक्त है। इन संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अब तक चुनाव की तारीखें तय नहीं हुई हैं।

इस साल फरवरी में वायस आफ द पीपल पार्टी (वीपीपी) के सांसद रिकी एंड्रयू जे. सिंगकान के निधन के बाद शिलांग सीट रिक्त हो गई थी। जबकि सितंबर 2024 में तृणमूल कांग्रेस के सांसद हाजी शेख नूरुल इस्लाम के निधन के बाद से बशीरहाट की सीट खाली है।