'स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अपमान', वंदे मारतम् पर टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने शशि थरूर को घेरा
बीजेपी ने शशि थरूर की वंदे मातरम् पर टिप्पणी की आलोचना की, जिसमें उन्होंने पूरे गीत के लिए खड़े रहने को मानवीय सहनशक्ति से बाहर बताया था।

वंदे मारतम् पर टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने शशि थरूर को घेरा। (फाइल)
HighLights
बीजेपी ने शशि थरूर की वंदे मातरम् टिप्पणी पर आलोचना की।
थरूर ने पूरे गीत के लिए खड़े रहने को मुश्किल बताया।
बीजेपी ने इसे स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करार दिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को कांग्रेस नेता शशि थरूर की इस बात लिए आलोचना की कि वंदे मातरम् को पूरा गाने या सुनने के दौरान खड़े रहना इंसान की सहनशक्ति की सीमा से बाहर है।
बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि थरूर की टिप्पणी उन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के खिलाफ है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए वंदे मातरम् कहते हुए अपनी जान दे दी थी।
केसवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'वरिष्ठ कांग्रेस नेता का कहना है कि वंदे मातरम् का पूरा मूल संस्करण, जिसमें 3 मिनट 10 सेकंड लगते हैं, लोगों के लिए सम्मान और धैर्य के साथ खड़े रहने के लिहाज से बहुत लंबा है।'
ऐसी टिप्पणियां स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अपमान- केसवन
उन्होंने कहा कि क्या यह उस चापलूस कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत अजीब बात नहीं है, जो 75 से ज्यादा सालों से नेहरू-गांधी परिवार के सामने धैर्य और चापलूसी के साथ झुकती रही है? ऐसी असंवेदनशील टिप्पणियां उन पीढ़ियों के स्वतंत्रता सेनानियों के निस्वार्थ बलिदान का अपमान करती है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए देशभक्ति की भावना से वंदे मातरम् कहते हुए अपनी जान दे दी थी।
केसवन ने कांग्रेस पर गीत के प्रति नफरत दिखाने का भी आरोप लगाया और कहा कि यह हिचकिचाहट तुष्टिकरण की राजनीति और पारंपरिक राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सहजता के कारण है।
थरूर ने क्या कहा था?
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'राष्ट्रपति ने उस संशोधन को मंजूरी दे दी है, जिसे संसद में बिना किसी चर्चा के पास किया गया था। उन्होंने कहा कि संशोधन नियम के अनुसार, सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत और समापन पर 'राष्ट्रगान' के अलावा 'राष्ट्रीय गीत' भी गाया जाना जरूरी है।'
उन्होंने कहा, 'मैं दोनों का बहुत सम्मान करता हूं। मैं राष्ट्रीय गीत के पहले दो पद और पूरा राष्ट्रगान गा सकता हूं। मैं बस एक व्यावहारिक बात की ओर इशारा करना चाहता हूं, जिसे हमारे कट्टरपंथियों ने शायद इंसानी स्वभाव के कारण नजरअंदाज कर दिया है।'
पूरा 'राष्ट्रीय गीत' गाने में 3 मिनट 10 सेकंड लगते हैं- थरूर
थूरूर ने कहा, ' 'जन गण मन' के लिए दर्शकों को सम्मानपूर्वक खड़े होने और 52 सेकंड तक ध्यान केंद्रित करने की जरूरत होती है। पूरा 'राष्ट्रीय गीत' गाने में 3 मिनट 10 सेकंड लगते हैं। तमिलनाडु ने अभी-अभी फैसला किया है कि दोनों से पहले तमिल में 'राज्य गीत' गाया जाएगा, जिसमें 2 मिनट और लगेंगे।'
उन्होंने कहा कि क्या हम सच में उम्मीद करते हैं कि दर्शक हर कार्यक्रम से पहले और बाद में छह मिनट तक, यानी कुल 12 अतिरिक्त मिनट तक, सम्मानपूर्वक खड़े रहेंगे? क्या सम्मान और धैर्य को कानून के जरिए लागू किया जा सकता है? मुझे डर है कि इस बिल का मकसद 'राष्ट्रीय गीत' के लिए ज्यादा सम्मान पैदा करना पूरा नहीं होगा, बल्कि इसका उल्टा भी हो सकता है।

