'वायु प्रदूषण के हॉट स्पॉट के लिए राज्य अलग से बनाएं प्लान', बोले भूपेंद्र यादव
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के बढ़ते खतरे पर बैठक की।

भूपेंद्र यादव ने एनसीआर राज्यों के साथ वायु प्रदूषण पर बैठक की

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में 15 सितंबर के बाद वायु प्रदूषण बढ़ने की आहट के बीच केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को दिल्ली सहित एनसीआर के पांचों राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों व अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की है।
जिसमें उन्होंने एनसीआर में मौजूद वायु प्रदूषण के सभी हाट स्टापों के लिए अलग से एक प्लान बनाने का निर्देश दिया। साथ ही यह देखने के भी निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में किस वजह से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। ऐसे में उन सभी से सख्ती से निपटने के निर्देश भी दिए। अकेले दिल्ली में वायु प्रदूषण के करीब दर्जन भर हाट स्पाट है।
वायु प्रदूषण के मुद्दे पर राज्यों के साथ करीब दो घंटे तक चली इस वर्चुअल बैठक में एनसीआर में पांचों राज्यों ने अगले सात महीने यानी सितंबर से मार्च 2027 तक वायु प्रदूषण से निपटने का एक एक्शन प्लान भी साझा किया।
भूपेंद्र यादव ने एनसीआर राज्यों के साथ वायु प्रदूषण पर बैठक की
राज्यों के प्लान को देखने के बाद केंद्रीय मंत्री यादव ने पत्रकारों से चर्चा में दावा किया कि वायु प्रदूषण से निपटने के लिए सालभर किए गए कामों का असर इस बार दिखेगा। राज्यों ने इससे निपटने की जवाबदेही ली है। इस बार सालभर में हमने राज्यों के साथ 25 से अधिक बैठकें की है।
इस बीच दिल्ली ने जो एक्शन प्लान दिया है, उनमें उद्योग, निर्माण व सड़क से उठने वाली धूल, वाहनों से होने वाले प्रदूषण, कचरे को जलने से रोकने जैसे सात क्षेत्रों पर फोकस तरीके से काम करने की जानकारी दी। इसके साथ स्थानीय लोगों व रेजीडेंट वेलफेयर एसोएसिएशन (आरडब्लूए ) के साथ ही मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी।
पंजाब ने पराली को जलने से रोकने के लिए प्रत्येक में समिति गठित करने व उसके साथ बैठकें करने जैसी जानकारी साझा की। हरियाणा ने अपने 14 जिलों का अलग- अलग प्लान दिया। जिसमें प्रत्येक जिलों में एक नोडल अधिकारी तैनात करने जैसी जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश ने भी एनसीआर के आसपास के पांच थर्मल पावर सहित आठ जिलों में पराली को जलने से रोकने का प्लान दिया। जिसमें गांव स्तर पर 230 जागरूकता कैंप लगाए जाने जैसी जानकारी दी गई।
सितंबर के अंत तक शुरू हो जाएंगे 14 और स्टेशन
वायु गुणवत्ता को जांचने के लिए अकेले दिल्ली में 14 नए स्टेशनों सितंबर के अंत तक शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही दिल्ली में वायु गुणवत्ता को जांचने वाले स्टेशन की कुल संख्या 60 हो जाएगी। अभी यहां 46 स्टेशन ही थे।
वहीं एनसीआर के दूसरे राज्यों में जैसे हरियाणा में 16, यूपी में 15 व राजस्थान में एक स्टेशन लगाने का काम चल रहा है। मंत्रालय के मुताबिक इन स्टेशनों के शुरू हो जाने के बाद पूरे एनसीआर में प्रत्येक 25 वर्ग किमी के क्षेत्र में एक स्टेशन हो जाएगा।
नौ सितंबर को सीएम योगी के साथ होगी चर्चा
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री ने बताया कि वायु प्रदूषण के मुद्दे पर नौ सितंबर को उनकी लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भी एक बैठक है। इसके साथ ही इससे पहले सात सितंबर को पहली बार राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस भी मनाया जाएगा।
जिसमें दिल्ली सहित एनसीआर में आने वाले सभी नगरीय निकायों के मेयर को भी बुलाया जाएगा। इसके साथ ही इस महीने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर उनकी कृषि मंत्री शिवराज सिंह व शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।
