बेंगलुरु में अमेजन और इंस्टामार्ट के डार्क स्टोर्स पर छापा, 1.38 करोड़ के एक्सपायर फूड प्रोडक्ट्स और दवाएं सीज
बेंगलुरु में अमेजन और इंस्टामार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के डार्क स्टोर्स पर छापेमारी कर 1.38 करोड़ रुपये के एक्सपायर और गलत लेबल वाले उत्पाद जब्त किए गए।

बेंगलुरु में अमेजन और इंस्टामार्ट के डार्क स्टोर्स पर कार्रवाई
HighLights
बेंगलुरु में ई-कॉमर्स डार्क स्टोर्स पर बड़ी छापेमारी।
अमेजन, इंस्टामार्ट से 1.38 करोड़ के एक्सपायर उत्पाद जब्त।
बिना लाइसेंस वाली दवाएं भी मिलीं, कई परिसर सील।
पीटीआई, नई दिल्ली। बेंगलुरु में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हुए अमेजन, इंस्टामार्ट जैसे ई कामर्स प्लेटफार्म के जरिये एक्सपायर हुआ सामान धड़ल्ले से बेचा जा रहा था।
ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफार्म द्वारा चलाए जा रहे डार्क स्टोर और स्टोरेज सेंटर से छापेमारी के दौरान 1.38 करोड़ रुपये के एक्सपायर हो चुके और गलत लेबल वाले प्रोडक्ट्स और लगभग चार लाख रुपये की दवाएं जब्त की गईं।
डार्क स्टोर छोटा गोदाम होता है, जो केवल आनलाइन आर्डर (जैसे क्विक कामर्स एप) को सामान तेजी से डिलीवर करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि स्वास्थ्य मंत्री यूटी. खादर के निर्देशों के बाद खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
अधिकारियों ने आनलाइन और ई-कामर्स प्लेटफार्म पर बिकने वाले खाद्य उत्पादों की जांच की ताकि यह देखा जा सके कि वे अनिवार्य लेबलिंग नियमों (जैसे कि बनने की तारीख, एक्सपायरी डेट) और खाद्य सुरक्षा के अन्य मानकों का पालन करते हैं या नहीं। इस बात की भी जांच की कि रखी गई दवाओं के लिए जरूरी लाइसेंस हैं या नहीं।
मंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन ने ऐसे नेटवर्क का पता लगाया है जो एक्सपायर हो चुके और गलत लेबल वाले उत्पाद खरीदकर उन्हें कम कीमत पर दुकानों तक पहुंचाता था। बड़ी कंपनियां अपने उत्पादों की एक्सपायरी डेट नजदीक आने पर उन्हें कम कीमत पर छोटे व्यापारियों को बेच देती हैं। वहां से वे उत्पाद दुकानों तक पहुंचते हैं।
बेंगलुरु में "पेप्टाइड पार्टी" आयोजित होने की इंटरनेट मीडिया से जानकारी मिलने के बाद विभाग ने जांच शुरू की। पेप्टाइड पार्टी आमंत्रण-आधारित सामाजिक कार्यक्रम होता है जहां फिटनेस इन्फ्लुएंसर पेप्टाइड-वाले उत्पादों पर चर्चा करने, उन्हें आजमाने के लिए जुटते हैं। पेप्टाइड-वाले उत्पाद को फिटनेस के लिए बेचा जाता है।
आयोजकों ने अधिकारियों को बताया कि ये उत्पाद अमेजन के डार्क स्टोर से मंगाए गए थे। टीम ने जांच की तो देखा कि इस सेंटरों के पास दवाएं बेचने का लाइसेंस नहीं था। अमेजन सेंटर की जांच के दौरान अधिकारी लिंगराजपुरम के पास स्थित परिसर पहुंचे, जहां उन्हें 45 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के ऐसे उत्पाद मिले जो या तो एक्सपायर हो चुके थे या जिन पर गलत लेबल लगे थे।
विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार देवनहल्ली में हाईटेक डिफेंस एंड एयरोस्पेस पार्क स्थित अमेजन की बीएलआर6 सेंटर में गलत या अधूरी लेबलिंग वाले 14 लाख रुपये के फूड प्रोडक्ट्स और मियाद पूरी कर चुके 10 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।
2,45,352 रुपये की कीमत की दवाएं भी ज़ब्त की गईं, जिन्हें कथित तौर पर बिना लाइसेंस के रखा जा रहा था।
अनेकल तालुक में अमेजन के बीएलआर7 सेंटर में अधूरी लेबलिंग वाले 19 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ और एक्सपायर हो चुके 13 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। बिना लाइसेंस वाली 1.57 लाख रुपये की दवाइयां भी जब्त की गईं।
शिकायत के बाद एचबीआर लेआउट के 'सप्त बाजार' में एक्सपायर हो चुके खाद्य उत्पाद मिले। शिकायत के अनुसार यह दुकान आनलाइन डिलीवरी एजेंसियों से किराने का सामान, दूध, सब्जियां, दही और अन्य खाद्य उत्पाद खरीदती थी और एक्सपायर हो चुके सामान को दोबारा बेचती थी।
अधिकारियों ने लगभग 10 हजार रुपये कीमत के एक्सपायर हो चुके उत्पाद जब्त किए।
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन आयुक्त श्रीनिवास के. ने कहा, बेंगलुरु के लिंगराजपुरम में लियो 7 एंटरप्राइजेज में की गई जांच के दौरान चाकलेट, मिठाइयां समेत कई तरह के खाद्य उत्पाद दिखे, जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी या जल्द ही खत्म होने वाली थी।
परिसर में लगभग 56 लाख रुपये मूल्य के खाद्य उत्पाद थे। परिसर को सील कर दिया गया है।
बेंगलुरु ग्रामीण जिले में स्थित इंस्टामार्ट सेंटर की जांच के दौरान, 42 लाख रुपये के एक्सपायर हो चुके खाद्य उत्पाद जब्त किए गए। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए इस सेंटर को बंद कर दिया गया। इंस्टामार्ट सेंटर में जांच जारी है।
