बंगाल: सियालदह स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, प्रफुल्ल द्वार से लेकर सेंट्रल गेट तक कई नई पहल
सियालदह स्टेशन पर लंबे समय से उत्तर, मुख्य और दक्षिण- इन तीन प्रमुख प्रवेश-निकास द्वारों से ही यात्रियों की आवाजाही होती थी। प्रतिदिन 10 लाख से अधिक य ...और पढ़ें

बंगाल: सियालदह स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
यात्री सुविधाओं में सियालदह मंडल ने बढ़ाया कदम, पिछले एक साल में उठाए गए कई बड़े कदम
मंडल में 68 नई यात्री ट्रेनें, 613 अतिरिक्त ईएमयू फेरे और 1035 अतिरिक्त मेल
एक्सप्रेस फेरे शुरू, एसीह लोकल सेवाओं का भी विस्तार
जागरण संवाददाता, कोलकाता। देश व कोलकाता के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल सियालदह, जहां से प्रतिदिन 10 लाख से अधिक यात्री आवागमन करते हैं।
यात्रियों की इस भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने पिछले एक वर्ष में इस व्यस्ततम स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और परिचालन व्यवस्था में कई बड़े व महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
नए प्रवेश द्वारों से लेकर वातानुकूलित लोकल, अतिरिक्त ट्रेन और डिजिटल सुविधाओं तक, यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
सियालदह स्टेशन पर लंबे समय से उत्तर, मुख्य और दक्षिण- इन तीन प्रमुख प्रवेश-निकास द्वारों से ही यात्रियों की आवाजाही होती थी। प्रतिदिन 10 लाख से अधिक यात्रियों के दबाव के कारण इन द्वारों पर अक्सर भीड़ और जाम जैसी स्थिति बनती थी।
इसे कम करने के लिए मंडल ने पिछले साल प्रफुल्ल द्वार शुरू किया। चौथे प्रवेश द्वार के रूप में विकसित इस द्वार पर टिकट बुकिंग काउंटर, ट्रेन सूचना पट और स्वचालित टिकट मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप भी बनाए गए हैं।
इसके बाद अब हाल में एक नया सेंट्रल गेट (मध्य द्वार) भी शुरू किया गया है, जिसे विशेष रूप से मेल और एक्सप्रेस यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार किया गया है। इस द्वार से यात्री वाहन से उतरने के बाद सीधे संबंधित प्लेटफार्म तक पहुंच सकते हैं।
यहां स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगाई गई हैं। स्टेशन के बाहर यात्रियों के लिए सुव्यवस्थित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था की गई है। भविष्य में ऐप आधारित कैब सेवा को भी इससे जोड़ने की योजना है।
यात्रियों को प्लेटफार्म को लेकर होने वाली परेशानी से बचाने के लिए प्लेटफार्म नामांकन प्रणाली भी लागू की गई है। इससे निर्धारित मार्ग की ट्रेनों के लिए पहले से तय प्लेटफार्म की जानकारी यात्रियों को मिल सकेगी।
एसी लोकल से बढ़ी सुविधा, बढ़ीं ट्रेन सेवाएं
सियालदह मंडल ने उपनगरीय यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित (एसी) लोकल ट्रेन सेवाओं का भी विस्तार किया है। राणाघाट, बनगांव और बारासात जैसे व्यस्त मार्गों के अलावा कल्याणी विश्वविद्यालय और कल्याणी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जाने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर भी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
खबरें और भी
मायापुर स्थित इस्कॉन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी वातानुकूलित लोकल संपर्क बढ़ाया गया है। सियालदह मंडल द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि मंडल ने यात्री सेवाओं में विस्तार करते हुए 68 नई यात्री ट्रेनें शुरू की हैं।
इसके अलावा 613 अतिरिक्त ईएमयू फेरे और 1035 अतिरिक्त मेल-एक्सप्रेस फेरे शुरू किए गए हैं। 26 मौजूदा सेवाओं का विस्तार करने के साथ सियालदह से चलने वाली दो नई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें भी शुरू की गई हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सियालदह स्टेशन का स्वरूप भी बदला जा रहा
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सियालदह स्टेशन का स्वरूप भी बदला जा रहा है। स्टेशन के बाहरी हिस्से को आधुनिक रूप देने के साथ आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की गई है। वाहनों के लिए लेन आधारित यातायात व्यवस्था लागू की गई है।
आधुनिक भुगतान-आधारित शौचालय परिसर की सुविधा भी जल्द उपलब्ध होगी। सामान की सुरक्षा के लिए डिजिटल लगेज लाकर सुविधा भी शुरू की गई है। स्टेशन परिसर में डबल-डेकर फूड आन व्हील्स रेस्टोरेंट भी यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बना है।
सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना ने कहा कि मंडल का लक्ष्य स्टेशन पहुंचने से लेकर गंतव्य तक यात्रियों को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सहज यात्रा का अनुभव देना है। यात्री सुविधाओं को केंद्र में रखकर बुनियादी ढांचे और ट्रेन सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।