'मेरे आस-पास शराबी लोग हैं...', असम की छात्रा का परिवार को आखिरी मैसेज; रेलवे ट्रैक पर मिली लाश
असम की एक 20 वर्षीय छात्रा का शव आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक के पास मिला, जो ट्रेन से अकेले ...और पढ़ें
HighLights
असम की 20 वर्षीय छात्रा का शव आंध्र प्रदेश में मिला।
गायब होने से पहले छात्रा ने असुरक्षित महसूस करने की बात कही।
परिवार ने हत्या और RPF पर लापरवाही का आरोप लगाया।
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम की 20 साल की छात्रा डांस कॉम्पिटिशन के बाद ट्रेन से अकेले यात्रा कर रही थी। परिवार का 6 अक्टूबर की सुबह से उससे संपर्क टूट गया था। बुधवार, 7 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में रेलवे ट्रैक के पास उसका शव मिला।
अब इस 20 साल की छात्रा का गायब होने से पहले का आखिरी वीडियो सामने आया है। छात्रा ने अपने परिवार को बताया था कि उसके कोच में नशे में धुत लोग हैं, जिसकी वजह से उसे डर लग रहा है।
छात्रा का गायब होने से पहले का आखिरी वीडियो
छात्रा के परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसकी मौत की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है।
परिवार ने आखिरी कॉल और वीडियो के बारे में बताते हुए कहा कि उनकी बेटी ने कहा था कि ट्रेन के डिब्बे में नशे में धुत लोगों की वजह से उसे असुरक्षित महसूस हो रहा है।
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, उनकी बेटी 6 अक्टूबर को रात करीब 12:15 बजे विशाखापत्तनम में ट्रेन नंबर 22503 में सवार हुई। NFR ने बताया कि अविनाश नाम के एक स्थानीय परिचित व्यक्ति ने उसे स्टेशन तक पहुंचाया।
भाभी को मिलाया आखिरी कॉल
रेलवे ने बताया कि CCTV फुटेज में बोरो जनरल टिकट के साथ ट्रेन के S-2 कोच में चढ़ती हुई दिखाई दी। इसके बाद छात्रा ने अपनी भाभी को कॉल किया।
छात्रा की भाभी ने कहा, 'ट्रेन में चढ़ने के बाद, उसने मुझे और अपनी एक अन्य दोस्त को फोन किया और बताया कि उसे कोच में असहज महसूस हो रहा है। उसके आस-पास नशे में धुत आदमी थे, जिससे उसे असुरक्षित महसूस हो रहा था।'
छात्रा ने अपनी एक दोस्त के साथ कोच का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें कोच के अंदर के हालात नजर आए, जिनका जिक्र उन्होंने कॉल के दौरान किया था।
परिवार ने बताया कि रात 2.30 बजे से 3 बजे के बीच उनका अपनी बेटी से संपर्क टूट गया और इसके बाद उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन को सूचना दी। उन्हें बताया गया कि RPF के कर्मचारी उसकी जांच करेंगे।
घटना के बाद भाभी ने बताया, 'हमें उसके सुरक्षित होने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। अब उसका शव आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक के पास मिला है। कोच के अंदर उसके दो बैग सही-सलामत मिले हैं।'
मामले की जांच जारी
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) ने कहा कि परिस्थितियों की जांच चल रही है और पलासा में सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की शुरुआती जांच से पहली नजर में पता चलता है कि बोरो चलती ट्रेन से गिर गई होगी।
NFR ने पुष्टि की कि उसे 6 अक्टूबर को 'रेल मदद' पोर्टल के जरिए ट्रेन में एक महिला यात्री के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिली थी।
RPF के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और अन्य कर्मचारियों ने श्रीकाकुलम रोड स्टेशन पर शिकायत पर कार्रवाई की। रेलवे ने बताया कि उन्होंने जनरल और स्लीपर कोच की तलाशी ली, लेकिन छात्रा का पता नहीं चल सका।
यह भी पढ़ें- चलती ट्रेन से लापता हुई असम की 20 साल की आदिवासी छात्रा, आंध्र प्रदेश में मिली लाश
