विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दुर्घटना के दिन सलमान ने शराब पी रखी थी

By Bhupendra SinghEdited By:
Updated: Tue, 07 Apr 2015 01:10 AM (IST)

हिट एंड रन मामले में सोमवार को अभियोजन पक्ष के वकील प्रदीप घरात ने कहा कि दुर्घटना के दिन सलमान खान ने बकार्डी रम पी रखी थी, जो पानी जैसी ही दिखती है।

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, मुंबई। हिट एंड रन मामले में सोमवार को अभियोजन पक्ष के वकील प्रदीप घरात ने कहा कि दुर्घटना के दिन सलमान खान ने बकार्डी रम पी रखी थी, जो पानी जैसी ही दिखती है।

गत 28 सितंबर 2012 में अभिनेता सलमान खान की लैंड क्रूजर कार से हुई दुर्घटना में उन पर चल रहे गैर-इरादतन हत्या के मुकदमे में अंतिम जिरह चल रही है। पिछले दो सप्ताहों में इस मामले में सलमान व उनके ड्राइवर अशोक सिंह के बयान दर्ज हो चुके हैं।

सोमवार को प्रदीप घरात ने सलमान व अशोक के बयानों को गलत साबित करते हुए सत्र न्यायाधीश डीडब्ल्यू देशपांडे के समक्ष कई तर्क रखे। सर्वोच्च न्यायालय के एक निर्णय का हवाला देते हुए उन्होंने दलील दी कि उस महत्वपूर्ण गवाह का बयान भी मान्य होना चाहिए, जिसकी मौत हो चुकी है।

घरात ने कोर्ट को बताया कि दुर्घटना की रात जुहू के रेन बॉर में सलमान, उनके भाई सुहैल खान व दो मित्र कमाल खान तथा विक्रम फडऩीस ने सफेद बकार्डी रम, कॉकटेल, चिकन और प्रॉन का ऑर्डर दिया था। घरात के अनुसार, बॉर के मैनेजर रिजवान अली ने वेटर मोले को इन लोगों की सेवा में लगाया था। रिजवान और मोले ने कोर्ट में यह ऑर्डर दिए जाने की बात स्वीकार की है।

घरात ने दावा किया कि बकार्डी पानी जैसी दिखती है। सलमान के हाथ में पानी जैसा ही गिलास दिख रहा था। यदि उन्होंने बकार्डी न पी होती तो उनके रक्त में 62 मिलीग्राम अल्कोहल न पाया जाता। घरात ने सत्र न्यायाधीश से मर चुके चश्मदीद गवाह रवींद्र पाटिल के कोर्ट में दिए बयान को स्वीकार करने की मांग की। उनके अनुसार, पुलिस कांस्टेबल रवींद्र पाटिल ने ही प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पाटिल ने अपने बयान में बताया था कि गाड़ी सलमान ही चला रहे थे। वह खुद (पाटिल) उनके बगल में बाईं ओर की सीट और पीछे की सीट पर कमाल खान बैठे थे। रवींद्र पाटिल ने कोर्ट में दिए अपने बयान में यह भी कहा था कि दुर्घटना के बाद सलमान और कमाल दोनों भाग गए थे।

अशोक सिंह को झूठा करार देते हुए घरात बोले कि उसने वही कहा, जो सलमान के पिता सलीम खान ने उसे कोर्ट में बोलने का आदेश दिया। दुर्घटना के समय अशोक वहां था ही नहीं। अब वह क्यों सलमान के बचाव में आया है, पता नहीं।