विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रधानमंत्री की तस्वीर हटाने के मामले में मनसे के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ झड़प

Published: Tue, 01 Sep 2026 11:28 PM (IST)

पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक से पीएम मोदी की तस्वीर हटाने के मामले में दो मनसे कार्यकर्ता गिरफ्तार हुए हैं।

पीएम मोदी की तस्वीर हटाने के मामले में मनसे के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार

पीएम मोदी की तस्वीर हटाने के मामले में मनसे के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार

HighLights

  1. पुणे में पीएम मोदी की तस्वीर हटाने पर दो मनसे कार्यकर्ता गिरफ्तार।

  2. मुंबई में भाजपा और मनसे कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प।

  3. अमित ठाकरे पर मामला दर्ज, दूसरे केस में नोटिस भी मिला।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने के मामले पुलिस ने इस प्रकरण में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

इससे पहले सोमवार को पुलिस ने एमएनएस नेता और पार्टी प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

भाजपा युवा मोर्चा और MNS कार्यकर्ताओं के बीच टकराव

इस बीच मंगलवार को मुंबई के दादर और माहिम में भाजपा युवा मोर्चा और एमएनएस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई। पुलिस को हस्तक्षेप कर कई लोगों को हिरासत में लेना पड़ा।

चतु:शृंगी थाने के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, सरकारी पॉलिटेक्निक में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटाए जाने के मामले में पूछताछ के लिए दो एमएनएस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, एमएनएस की छात्र शाखा के प्रमुख अमित ठाकरे सोमवार दोपहर सदस्यता अभियान के सिलसिले में सरकारी पालिटेक्निक पहुंचे थे।

आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों से संस्थान के एक कार्यालय की दीवार पर लगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाने को कहा। शिकायतकर्ता कालेज अधिकारी के मुताबिक, यह तस्वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र के साथ-साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के चित्रों के समीप लगी थी।

आरोप है कि अमित ठाकरे और उनके साथ आए लोगों ने बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश किया, प्रधानमंत्री की तस्वीर हटाई, कर्मचारियों को धमकाया, नारेबाजी की और हंगामा किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

अमित ठाकरे ने सोमवार को कहा था कि उनके राजनीतिक जीवन में दर्ज हुआ पहला पुलिस मामला छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े आंदोलन को लेकर था। उन्होंने कहा कि यदि दूसरा मामला भी छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए दर्ज हुआ है तो उन्हें खुशी होगी।

भाजपा नेता गणेश बिडकर ने इस कृत्य की आलोचना करते हुए अमित ठाकरे पर राजनीतिक अपरिपक्वता दिखाने का आरोप लगाया।

तस्वीर हटाने के विवाद को लेकर मंगलवार को मुंबई के माहिम स्थित एमएनएस कार्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

महाराष्ट्र भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अमित ठाकरे द्वारा प्रधानमंत्री की तस्वीर हटाने को लेकर विरोध जताया।

इसके जवाब में एमएनएस समर्थक भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।

महाडिक ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और एक कार्यकर्ता की सोने की चेन भी चोरी हो गई। उन्होंने एमएनएस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

इसी बीच नई मुंबई के नेरुल थाने की पुलिस मंगलवार को एक अलग मामले में अमित ठाकरे को कानूनी नोटिस देने के लिए उनके पिता राज ठाकरे के दादर स्थित आवास ‘शिवतीर्थ’ पहुंची।

यह मामला नई मुंबई के नेरुल में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के कथित तौर पर बिना अनुमति उद्घाटन से जुड़ा है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- MPSC पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, 7वीं रैंक लाने वाली ऋतुजा पाटिल गिरफ्तार; जानबूझकर दिए थे 10 गलत जवाब