जलगांव में डिपो से बस चुरा ले गया बदमाश, टायर पंचर होते ही रास्ते में छोड़कर भागा; CCTV में कैद हुई करतूत
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के जामनेर डिपो से एक नई एसटी बस चोरी हो गई। चोर बस को लेकर भागा लेकिन टायर पंचर होने पर उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। ...और पढ़ें

जलगांव में डिपो से बस चुराकर भागा चोर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के जामनेर डिपो से पूरी ST बस चोरी करने की कोशिश का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। चोर बस लेकर फरार तो हो गया, लेकिन रास्ते में टायर पंचर होते ही उसे गांव में छोड़कर भाग निकला।
यह घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे की है।
बस का टायर हुआ पंचर, छोड़कर भागा चोर
पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति डिपो में घुसा और MH 19 NE 4214 नंबर की नई जिजाऊ बस को स्टार्ट करके बाहर निकाल ले गया। यह बस आमतौर पर जलगांव-नेरी-जामनेर मार्ग पर चलती है।
चोर बस को लेकर जामनेर से शाहपुर की तरफ भागा। लेकिन शाहपुर गांव के पास खड़की नदी के पुल पर बस का अगला टायर पंचर हो गया। इसके बाद बस को आगे ले जाना मुश्किल हो गया। पकड़े जाने के डर से चोर बस को वहीं लावारिस छोड़कर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने डिपो प्रबंधक को दी सूचना
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पुल पर खड़ी बस देखी तो हड़कंप मच गया। संयोग से शाहपुर में जामनेर डिपो के ही कुछ चालक-परिचालक रहते हैं। उन्होंने बस पहचान कर तुरंत डिपो प्रबंधक दिनेश नाइक को सूचना दी।
खबरें और भी
शिकायत के बाद जामनेर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डिपो के CCTV फुटेज में एक संदिग्ध बस ले जाते दिख रहा है। पुलिस उसी के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोर के पास बस की चाबी कैसे आई। इस घटना के बाद ST महामंडल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी बस डिपो से निकल गई और सुरक्षाकर्मियों को पता तक नहीं चला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।