विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पन्ना की धरती ने फिर उगला 'रत्न': 6.54 कैरेट के हीरे ने बदली महिला की तकदीर, कीमत 12 लाख से अधिक

Updated: Fri, 19 Jun 2026 10:03 PM (IST)

पन्ना जिले के जरुआपुर क्षेत्र में एक उथली खदान से मीरा सिंह नामक महिला को 6.54 कैरेट का बहुमूल्य हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक है।

पन्ना की खदान में महिला को मिला हीरा।

पन्ना की खदान में महिला को मिला हीरा।

HighLights

  1. महिला ने मार्च में पट्टे पर ली थी पन्ना की खदान।

  2. जल्द ही की जाएगी महिला को मिले हीरे की नीलामी।

  3. हीरे की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। देशभर में अपनी हीरा संपदा के लिए प्रसिद्ध पन्ना जिले की धरती ने एक बार फिर अपनी अनमोल चमक बिखेरी है। जिले के जरुआपुर क्षेत्र स्थित उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल श्रेणी का बहुमूल्य हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिससे खदान संचालक महिला की किस्मत चमकने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

महिला ने मार्च में ली थी खदान

जानकारी के अनुसार, यह कीमती हीरा मीरा सिंह नामक महिला को मिला है। उन्होंने मार्च माह में खदान का पट्टा लिया था और तब से लगातार खनन कार्य में जुटी थीं। कई महीनों की मेहनत के बाद आखिरकार उन्हें यह बहुमूल्य हीरा प्राप्त हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।

हीरे की होगी नीलामी

सूत्रों के मुताबिक, हीरे को नियमानुसार पन्ना हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है। इसकी जानकारी सीमित स्तर पर रखी गई और औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मामला सामने आया। अब इस हीरे को आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा।

हीरा नीलामी के बाद प्राप्त राशि में से शासन द्वारा निर्धारित रॉयल्टी और अन्य शुल्क काटे जाएंगे, जबकि शेष रकम हीरा धारक मीरा सिंह को प्रदान की जाएगी। यदि नीलामी में अपेक्षा से अधिक बोली लगती है तो उन्हें अनुमानित कीमत से कहीं अधिक राशि भी मिल सकती है।

रत्नगर्भा है पन्ना की धरती

गौरतलब है कि पन्ना की खदानों से समय-समय पर मिलने वाले बहुमूल्य हीरे कई परिवारों की आर्थिक स्थिति बदल चुके हैं। एक बार फिर 6.54 कैरेट के इस चमकदार हीरे ने यह साबित कर दिया है कि पन्ना की धरती आज भी किस्मत बदलने की क्षमता रखती है।

यह भी पढ़ें- BJP विधायक संजय पाठक के खिलाफ मानहानि प्रकरण में MP हाई कोर्ट सख्त, राज्य सरकार से मांगा जवाब

स्थानीय लोगों के बीच इस खोज को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी की नजरें अब आगामी नीलामी पर टिकी हैं, जहां इस बेशकीमती हीरे की वास्तविक बाजार कीमत सामने आएगी।