विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नरसिंहपुर में सनसनीखेज वारदात, घर के भीतर मिले बुजुर्ग दंपती के शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

Updated: Mon, 09 Mar 2026 06:46 PM (IST)

नरसिंहपुर जिले के बम्होरी गांव में एक बुजुर्ग दंपती, छुट्टू चौधरी और खेरा बाई, अपने घर में मृत पाए गए। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या का संदेह है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटनास्थल पर पड़ताल करती पुलिस।

घटनास्थल पर पड़ताल करती पुलिस।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बम्होरी में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग दंपती के शव उनके ही घर के भीतर संदिग्ध हालात में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में घटना को हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार बम्होरी गांव निवासी छुट्टू चौधरी (65) और उनकी पत्नी खेरा बाई (60) मृत अवस्था में घर के अंदर पाए गए। सूचना मिलते ही साईंखेड़ा थाना पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।

घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पति-पत्नी की एक साथ संदिग्ध मौत से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बुजुर्ग दंपती के गले और पेट पर धारदार हथियार से वार किए जाने के संकेत मिले हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के अनुसार पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- MP में ओबीसी को 27% आरक्षण पर हाई कोर्ट में होगी सुनवाई, सरकार ने बनाई विशेष रणनीति, प्रभारी अधिकारी नियुक्त

पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने का इंतजाम किया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और संभावित आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।