'बैगा के हाथों में तीर-कमान आया तो गिन-गिनकर करेंगे शिकार..', कांग्रेस विधायक मधु भगत का विवादित बयान; वन अधिकारियों को कहा भ्रष्ट-नालायक
विधायक मधु भगत ने बाघ के आतंक से प्रभावित गांवों का दौरा कर वन विभाग पर नाराजगी जताई। उन्होंने बैगा आदिवासियों को तीर-कमान उठाने और बाघों का शिकार करन ...और पढ़ें

मालखेड़ी में ग्रामीणों के बीच मौजूद परसवाड़ा विधायक मधु भगत। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
विधायक मधु भगत ने बैगा आदिवासियों को उकसाया।
बाघ के आतंक से कान्हा रिजर्व से सटे गांवों में दहशत।
विघायक ने वन विभाग के अधिकारियों को भ्रष्ट बताया।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। बालाघाट जिले के परसवाड़ा से विधायक मधु भगत का एक विवादित बयान सामने आया है। इस बयान में वे परोक्ष रूप से बैगा आदिवासियों को उकसाते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'बैगा के हाथों में तीर-कमान आया तो गिन-गिनकर शिकार करेंगे, मैं भी साथ में खड़ा रहूंगा।" वह मालखेड़ी, पर्रापुर में बाघ के आतंक को लेकर बोल रहे थे।
बाघ के आतंक से सात गांवों में दहशत
दरअसल, कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन से लगे ग्राम मालखेड़ी व पर्रापुर सहित सात गांवों में बाघ का आतंक तेजी से बढ़ा है। ये गांव जिले के परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। हाल ही में पर्रापुर में जहां बाघ के हमले में एक महिला की जान गई, वहीं मालखेड़ी में एक ग्रामीण घायल हो गया।
इस तरह की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच परसवाड़ा विधायक मधु भगत शनिवार को प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने के लिए मालखेड़ी पहुंचे थे।
वन विभाग के अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
यहां पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को भ्रष्ट और नाकारा बताते हुए बाघों के आतंक पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने वन अधिकारियों को चेतावनी दी कि 'बैगा आदिवासियों ने जिस दिन अपना तीर-कमान उठा लिया तो वो गिन-गिन कर जंगली जानवरों को मारेंगे, आप रोक नहीं पाओगे। एक भी जानवर नहीं बचेगा और उनके साथ मैं भी मौजूद रहूंगा।' विधायक के इस बयान के बाद जिले की सियासत गरमाने लगी है।