जबलपुर सेंट्रल जेल में हड़कंप : विचाराधीन बंदी ने अस्पताल वार्ड के शौचालय में लगाई फांसी
जबलपुर केंद्रीय जेल में एक विचाराधीन बंदी गुड्डू उर्फ राजा (60) ने अस्पताल वार्ड के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बंदी को 16 अगस्त 2024 को न ...और पढ़ें

जबलपुर सेंट्रल जेल (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जबलपुर के केन्द्रीय जेल परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विचाराधीन बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के सामने आते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बंदी गुड्डू उर्फ राजा (60) निवासी साई कॉलोनी, थाना संजीवनीनगर क्षेत्र का रहने वाला था। उसे थाना संजीवनीनगर के अपराध क्रमांक 273/2024 एवं सत्र प्रकरण क्रमांक 511/24 के तहत विभिन्न धाराओं में 16 अगस्त 2024 को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था। मामला वर्तमान में चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश, जबलपुर की अदालत में विचाराधीन था।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे बंदी ने जेल के अस्पताल खंड के वार्ड क्रमांक-03 स्थित शौचालय में फांसी लगा ली। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, जेल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और बंदी को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस और जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच में जुट गए हैं, ताकि आत्महत्या के पीछे की असल वजह सामने आ सके।