AI से वीडियो बनाकर अफवाह फैलाने से उज्जैन में उपद्रव! लोगों को उकसाकर मस्जिद पहुंचने की अपील; 30 से अधिक आरोपितों पर FIR
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के विकास कार्यों के तहत शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के दौरान हुए उपद्रव मामले में ...और पढ़ें

उज्जैन में शाही मस्जिद का बाधक हिस्सा तोड़ने की तैयारी। (फोटो- जागरण)
HighLights
सिंहस्थ-2028 विकास कार्य के दौरान उज्जैन में उपद्रव।
एआई वीडियो से अफवाह फैलाने वाले चार युवकों पर केस।
शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर हुआ विवाद।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैन शहर में किए जा रहे विकास कार्यों की कड़ी में कंठाल से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे शाही मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने के दौरान सोमवार को हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने आठ केस दर्ज किए हैं। इनमें 30 से अधिक लोगों को आरोपित बनाया गया है। 15 आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
वहीं, पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने, एआई की मदद से मनगढ़ंत वीडियो और आपत्तिजनक कंटेंट तैयार कर प्रसारित करने पर भी चार युवकों पर अलग से केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय ये युवक खुद को इन्फ्लुएंसर बताते हैं।
इन युवकों के द्वारा इंटरनेट मीडिया पर बुलडोजर से मस्जिद तोड़ने की बात प्रसारित करते हुए लोगों से पहुंचने की अपील की गई। इनमें एआई से तैयार किए गए मनगढ़ंत वीडियो थे। इन संदेशों के बाद बड़ी संख्या में लोग मस्जिद की ओर बढ़े। बैरिकेड्स हटाने के बाद नारेबाजी और पथराव हुआ और स्थिति बिगड़ गई।
इन्होंने एआई का गलत उपयोग कर फैलाई अफवाह
पुलिस के अनुसार, शहर के पटवा बाखल निवासी साजिद ने सोमवार सुबह इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर लोगों से शाही मस्जिद पहुंचने की अपील की। मोचीवाड़ा निवासी इमरान खान और गुलरेज खान के इंस्टाग्राम एकाउंट से भी एआई जनरेट रीलें और वीडियो प्रसारित कर अधिक से अधिक लोगों को पहुंचने का संदेश दिया गया।
वहीं, आरिफ पठान के एकाउंट से रात करीब दो बजे लोगों से मस्जिद पहुंचने की अपील की गई। पुलिस के अनुसार, कुछ रीलों में अयोध्या की बाबरी मस्जिद को उज्जैन की शाही मस्जिद से जोड़कर भ्रामक प्रस्तुति दी गई।
मस्जिद कमेटी ही हटवा रही बाधक हिस्सा
इस बीच, मंगलवार को भी शाही मस्जिद का बाधक 10 फीट हिस्सा हटाने की कार्रवाई जारी रही। यह कार्य मस्जिद कमेटी ही करा रही है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर क्षेत्र में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई। सुबह 10 बजे बाद मीडिया की आवाजाही भी रोक दी गई। वहीं, कुछ ही दूरी पर स्थित खड़े हनुमान मंदिर के मुख्य द्वार पर बड़ा फ्लैक्स लगाकर मूर्ति ढक दी गई और श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया।
पथराव, शासकीय कार्य में बाधा, भीड़ को उकसाने, धमकी देने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने के मामलों में आठ प्रकरण दर्ज किए हैं। अब तक 15 आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।
- प्रदीप शर्मा, एसपी, उज्जैन
