धार भोजशाला को जैन गुरुकुल बताने वाली याचिका पर ASI की आपत्ति, कोर्ट ने मांगा लिखित जवाब
इंदौर हाई कोर्ट में धार की भोजशाला को प्राचीन जैन गुरुकुल बताने वाली जैन समाज की याचिका पर सुनवाई हुई। ASI ने इसे निरस्त करने की मांग करते हुए कहा कि यह सुनवाई योग्य नहीं है।

धार में स्थित भोजशाला (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। प्रदेश के धार में स्थित ऐतिहासिक भोजशाला की धार्मिक संरचना को लेकर जैन समाज द्वारा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर पीठ में दायर एक नई याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से कहा गया कि इसे निरस्त कर देना चाहिए। यह सुनवाई योग्य नहीं है। हाई कोर्ट ने कहा कि यह बात लिखित में दे दीजिए। अगली सुनवाई दो अप्रैल को होगी। तभी याचिका पर निर्णय भी लिया जाएगा।
दोबारा दायर की है याचिका
बता दें कि जैन समाज की ओर से सलेकचंद जैन द्वारा प्रस्तुत इस जनहित याचिका में कहा गया है कि हाई कोर्ट ने पूर्व में याचिका निरस्त करते हुए जैन समाज से कहा था कि वह चाहे तो भविष्य में दोबारा याचिका दायर करने के लिए स्वतंत्र हैं। चूंकि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश के बाद अब भोजशाला मामले में दोबारा सुनवाई शुरू हुई है, इसलिए उन्होंने दोबारा याचिका दायर की है।
जैन समाज का यह तर्क
याचिका में कहा गया है कि भोजशाला एक प्राचीन जैन गुरुकुल था। प्राचीन काल में यह केवल संस्कृत ही नहीं, प्राकृत भाषा के जैन ग्रंथों के अध्ययन और अनुवाद का भी प्रमुख केंद्र था। यहां आदिनाथ भगवान का मंदिर भी था। यहां से नेमीनाथ भगवान की मूर्ति भी निकली है, जो 22वें तीर्थंकर हैं। इतना ही नहीं, याचिका में यह भी दावा किया गया कि ब्रिटिश म्यूजियम में जो मूर्ति है, वह जैन धर्म की देवी अंबिका की है न कि वाग्देवी (सरस्वती) की।
गौरतलब है कि सोमवार को भोजशाला मामले में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था कि आपत्तियों के सभी आवेदन स्वीकार कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट स्वयं निरीक्षण कर देखेगा 'धार भोजशाला का सच', 2 अप्रैल से होगी नियमित सुनवाई
यह भी बता दें कि दो अप्रैल से भोजशाला मामले से जुड़ीं चार याचिकाओं और एक आवेदन पर नियमित सुनवाई शुरू होगी। इससे पहले न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी स्वयं धार जाकर भोजशाला परिसर का अवलोकन करेंगे। वह 24 मार्च को भोजशाला का अवलोकन कर सकते हैं।

