'काला हिरण' फिल्म के प्रोड्यूसर को मिली जान से मारने की धमकी, पाकिस्तानी नंबर से आए WhatsApp कॉल-वीडियो; दतिया में FIR दर्ज
फिल्म 'काला हिरण' के निर्माता अमित जानी को दतिया में जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें पाकिस्तानी नंबरों से WhatsApp कॉल और संदेश भेजकर फिल्म रिलीज ...और पढ़ें

'काला हिरण' फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी को मिली धमकी।
HighLights
निर्माता अमित जानी को पाकिस्तानी नंबरों से आए धमकी भरे कॉल, वीडियो।
कॉल करने वाले शख्स ने खुद को पाकिस्तानी आतंकी बताकर धमकाया।
दतिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, पहले भी मिली थी धमकी।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। फिल्म 'काला हिरण' के निर्माता अमित जानी ने दतिया प्रवास के दौरान जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि खुद को पाकिस्तानी आतंकी बताने वाले शख्स ने पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से WhatsApp कॉल, ऑडियो और वीडियो संदेश भेजकर फिल्म रिलीज नहीं करने की चेतावनी दी। शिकायत के आधार पर दतिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीतांबरा पीठ में दर्शन करने आए प्रोड्यूसर
पुलिस के अनुसार, नोएडा निवासी अमित जानी छह जुलाई को श्री पीतांबरा पीठ मंदिर में दर्शन के लिए दतिया आए थे। रात में होटल में ठहरने के दौरान करीब एक बजे उनके वाट्सएप पर पाकिस्तान के कंट्री कोड (+92) वाले नंबर से ऑडियो और वीडियो क्लिप भेजी गई। इसके बाद सात जुलाई की सुबह करीब 9:47 बजे एक अन्य पाकिस्तानी नंबर से उन्हें वाट्सएप कॉल भी किया गया।
खुद को पाकिस्तानी आतंकी बताकर धमकाया
अमित जानी का आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी बताते हुए फिल्म 'काला हिरण' को रिलीज नहीं करने की धमकी दी। साथ ही फिल्म रिलीज होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।
अमित जानी की शिकायत पर दतिया पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित मोबाइल नंबरों और वाट्सएप काल की तकनीकी जांच शुरू कराई है।
यह भी पढ़ें- कूनो अभयारण्य की सरहद लांघ ग्वालियर पहुंचे बोत्सवाना के चीते, पनिहार-बरई बना नया ठिकाना
पहले भी मिल चुकी धमकी
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अमित जानी फिल्म 'काला हिरण' को लेकर धमकियां मिलने की शिकायत राजस्थान के जोधपुर जिले के रतनवाड़ा थाने में दर्ज करा चुके हैं। वहीं, फिल्म से जुड़ा एक मामला न्यायालय में भी विचाराधीन बताया जा रहा है।