जीवाजी यूनिवर्सिटी परीक्षा में बड़ी चूक: तय तारीख से पहले खोला फिजिक्स का पेपर, छात्रों में बांट भी दिया, परीक्षा निरस्त
ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय से संबद्ध गुना के शासकीय महाविद्यालय आरोन में स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। 4 अप्रैल को होने वाला फिजिक्स का पेपर 1 अप्रैल को ही खोलकर छात्रों में बांट दिया गया।

तय तिथि से पहले छात्रों में बांट दिया प्रश्नपत्र (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में चल रही स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षाओं के बीच बड़ी लापरवाही सामने आई है। पहले ही दिन परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए, जब चार अप्रैल को होने वाला फिजिक्स का प्रश्नपत्र एक अप्रैल को ही खोल दिया गया और छात्रों में बांट भी दिया गया।
यह मामला गुना जिले के शासकीय महाविद्यालय आरोन का है। यहां सुबह की पाली में ‘मेजर सब्जेक्ट-1, ग्रुप ए: फिजिक्स (क्वांटम, एटोमिक एंड मॉलिक्यूलर फिजिक्स)’ का पेपर समय से पहले खोल दिया गया। जैसे ही गड़बड़ी सामने आई, छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रबंधन हरकत में आया। प्राचार्य ने उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया। साथ ही परीक्षा अधीक्षक सहायक प्राध्यापक डॉ. सीमा कुरैशी को जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए अधीक्षक पद से हटा दिया गया है।
यह भी पढ़ें- दूसरे राज्य के OBC सर्टिफिकेट से MP में नहीं मिलेगा आरक्षण, शादी के बाद भी नहीं बदलेगा हक; हाई कोर्ट का अहम फैसला
उच्च शिक्षा विभाग ने मांगा प्रतिवेदन
अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा प्रो. कुमार रत्नम ने कालेज प्राचार्य से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है। वहीं जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजीव मिश्रा ने चार अप्रैल को प्रस्तावित फिजिक्स का उक्त पेपर निरस्त कर दिया है। अब इस परीक्षा के आयोजन को लेकर नया नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जाएगा।

