विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में आवारा सांड का कहर : कोचिंग से लौट रहे 6 साल के मासूम पर किया हमला, सिर में आए 9 टांके

Updated: Sat, 14 Feb 2026 03:28 AM (IST)

ग्वालियर के त्यागी नगर में एक आवारा सांड ने कोचिंग से लौट रहे 6 वर्षीय बच्चे गोविंद लक्षकार पर जानलेवा हमला कर दिया। सांड ने उसे सींगों में फंसाकर पटक ...और पढ़ें

बच्चे पर सांड ने किया हमला (वीडियो ग्रैब)

बच्चे पर सांड ने किया हमला (वीडियो ग्रैब)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर में आवारा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मुरार क्षेत्र के त्यागी नगर में सामने आया, जहां एक आवारा सांड ने छह साल के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में नौ टांके लगाए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 9 फरवरी की शाम की है। छह वर्षीय गोविंद लक्षकार अपनी बहन नंदनी लक्षकार के साथ रोज की तरह कोचिंग से पढ़कर त्यागी नगर स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में खड़े एक आवारा सांड ने अचानक गोविंद पर हमला कर दिया। सांड ने बच्चे को सींगों में फंसाकर जमीन पर पटक दिया और कुचलने की कोशिश करने लगा।

घटना के दौरान नंदनी ने शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और सांड को भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल गोविंद को तत्काल ग्वालियर के जिला अस्पताल के बाल एवं शिशु रोग विभाग (पीआईसीयू) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि कुछ सेकंड की और देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर है और गुरुवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

यह भी पढ़ें- इनाम के ऐलान से ‘डरे’ चोर : दतिया में चुराई पानी की टंकी आधी रात को चुपचाप लौटाई, Video वायरल

पकड़ने के बजाय भगाने तक सीमित निगम अमला

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में आवारा मवेशियों को पकड़ने की जिम्मेदारी नगर निगम के मदाखलत अमले की है, लेकिन अमला अक्सर केवल वीआईपी मूवमेंट के दौरान ही सक्रिय होता है। उस समय भी सांडों को पकड़ने के बजाय उन्हें गली-मोहल्लों और कॉलोनियों की ओर भगा दिया जाता है।

शिकायतों के बाद भी यही रवैया अपनाया जाता है, जिससे इलाका बदलने पर सांड और अधिक आक्रामक हो जाते हैं और इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और नगर निगम से ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।