Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भिंड में नापतौल निरीक्षक 27500 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त ने की कार्रवाई; पेट्रोल पंप संचालक से मांगी थी 50 हजार घूस

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 06:09 PM (IST)

    ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने भिंड में नापतौल निरीक्षक सौरभ शर्मा को 27,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। निरीक्षक ने पेट्रोल पंप संचालक से ...और पढ़ें

    लोकायुक्त टीम की गिरफ्त में नापतौल निरीक्षक।

    लोकायुक्त टीम की गिरफ्त में नापतौल निरीक्षक।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। भिंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नापतौल विभाग के निरीक्षक सौरभ शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पेट्रोल पंप की जांच के दौरान तकनीकी खामी पैदा कर उसे ठीक करने के एवज में निरीक्षक ने रिश्वत की मांग की थी।

    नोजल की स्पीड कम कर बढ़ाई परेशानी

    लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, सौरभ शर्मा वर्ष 2023 से भिंड में नापतौल निरीक्षक के पद पर पदस्थ है। शिकायतकर्ता तेजनारायण लोधी ग्वालियर रोड स्थित सावित्री पेट्रोल पंप का संचालन करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 26 मई को निरीक्षक ने पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान ईंधन वितरण करने वाले नोजल की स्पीड कम कर दी गई, जिससे पेट्रोल और डीजल की सप्लाई प्रभावित होने लगी और पेट्रोल पंप संचालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

    तकनीकी समस्या दूर करने के बदले मांगी रिश्वत

    शिकायत के मुताबिक जब संचालक ने नोजल की स्पीड पहले जैसी करने का आग्रह किया तो निरीक्षक ने इसके बदले 60 हजार रुपये की मांग रख दी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 50 हजार रुपये में सहमति बनी। आरोप है कि निरीक्षक ने पहली किश्त के रूप में 22,500 रुपये पहले ही ले लिए थे, जबकि शेष 27,500 रुपये सोमवार को लेने थे।

    इस बीच फरियादी ने पूरे मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर से की। शिकायत की गोपनीय जांच कराई गई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की रणनीति तैयार की।

    खबरें और भी

    कार्यालय में बिछाया जाल

    सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे निरीक्षक ने शिकायतकर्ता को प्राइवेट बस स्टैंड के सामने स्थित नापतौल कार्यालय बुलाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत फरियादी ने केमिकल लगे 500-500 रुपये के नोट निरीक्षक को सौंप दिए।

    रुपये हाथ में लेते ही बाहर तैनात लोकायुक्त टीम सक्रिय हो गई और कार्यालय में दबिश देकर निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। जांच के दौरान जब आरोपित के हाथ धुलवाए गए तो उनका रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई शुरू कर दी।

    यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर में लोकायुक्त ने पटवारी को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, नामांतरण के एवज में मांगी थी घूस

    ग्वालियर रोड पर मेरा पेट्रोल पंप है। निरीक्षक सौरभ शर्मा ने जांच के नाम पर उसके नोजल की स्पीड कम कर दी। जब उन्होंने स्पीड कम करने के लिए कहा तो 60 हजार रुपये मांगे। अनुरोध के बाद 50 हजार रुपये में सौदा हुआ। 22500 रुपये उसी दिन दे दिए और लोकायुक्त में शिकायत की। टीम ने सोमवार को रिश्वत के रुपये देते ही निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया।
    - तेजनारायण लोधी, फरियादी

    शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। केमिकल लगे नोट लेते हुए नापतौल निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़ा गया है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
    - विनोदसिंह कुशवाह, डीएसपी लोकायुक्त ग्वालियर