उमा भारती का सिंहस्थ तैयारियों पर बड़ा बयान, बोलीं- ‘अभी सबकुछ बहुत अच्छा नहीं’; Gen Z और सिस्टम की गंदगी पर भी तंज
उमा भारती ने उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद सिंहस्थ की तैयारियों को 'बहुत अच्छा नहीं' बताया, हालांकि लैंड पूलिंग ...और पढ़ें

उज्जैन में मीडियाकर्मियों से चर्चा करतीं उमा भारती।
HighLights
सिंहस्थ तैयारियों को उमा भारती ने 'संतोषजनक नहीं' बताया।
Gen Z को युवाओं का 'उफान' और सिस्टम की गंदगी पर तंज।
जहरीली शराब से मौतों पर दुख जताया, जन सहयोग की अपील।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती सोमवार को उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर सरकार को आईना दिखाया। उमा भारती ने कहा कि अभी तक की तैयारियां उन्हें बहुत अच्छी नहीं लग रही हैं। हालांकि, उन्होंने लैंड पूलिंग नहीं किए जाने के सरकार के फैसले को अच्छा कदम बताया।
सिंहस्थ की तैयारियों पर बोलीं- संतोषजनक नहीं
उमा भारती ने सिंहस्थ की तैयारियों पर अपनी राय रखते हुए कहा कि अभी व्यवस्थाएं उस स्तर की नजर नहीं आ रही हैं, जैसी होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने सरकार के उस निर्णय की सराहना की, जिसमें सिंहस्थ के लिए लैंड पूलिंग नहीं की गई।
Gen Z को बताया युवाओं का ‘उफान’
Gen Z को लेकर उमा भारती ने कहा कि यह नई पीढ़ी के युवाओं का एक तरह का उफान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद अपमान झेलने के बावजूद युवाओं की भावनाओं का सम्मान किया है, यह अच्छी बात है।
उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के साथ-साथ सिस्टम में व्याप्त गड़बड़ियों पर भी तंज कसा और कहा कि कॉकरोच गंदगी में ही पनपते हैं। अगर सिस्टम की गंदगी पूरी तरह खत्म कर दी जाए तो कॉकरोच अपने आप खत्म हो जाएंगे। उनके इस बयान को व्यवस्था में मौजूद खामियों पर सीधे कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 42 नरकंकालों के बाद 88 साल से दफन है रहस्य! अब उज्जैन की वैश्य टेकरी फिर उगलेगी इतिहास; ASI ने भेजा खोदाई का प्रस्ताव
जहरीली शराब से मौतों पर जताया दुख
सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों पर उमा भारती ने गहरा दुख जताया। उन्होंने लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए जन सहयोग बेहद जरूरी है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उमा भारती ने पूछा कि क्षेत्र के सांसद, विधायक, पंचायत और नगर निगम के जिम्मेदार प्रतिनिधि इस दिशा में क्या कदम उठा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार जहरीली शराब के मामलों को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करेगी।
