सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन: सहायक आबकारी आयुक्त समेत तीन अधिकारी निलंबित, संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी को भी हटाया
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने सख्त ...और पढ़ें

अस्पताल में उपचाररत नकली शराब सेवन के मरीज।
HighLights
सागर में जहरीली शराब से 14 लोगों की मौत।
तीन आबकारी अधिकारी निलंबित, एक उपायुक्त अटैच।
100 से अधिक लोग बीमार, प्रशासन कर रहा जांच।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद राज्य शासन ने सख्त कार्रवाई की है। गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में नकली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के मामले में सरकार ने आबकारी विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है।
सरकार की कार्रवाई के बाद आबकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच के साथ अवैध और नकली शराब के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने में जुटा है।
तीन आबकारी अधिकारी निलंबित
राज्य शासन ने मामले में सागर जिले में पदस्थ तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया है। इनमें सागर में सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते एवं बंडा सर्किल में आबकारी उप निरीक्षक राशनी उरेती शामिल हैं। इसके अलावा उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है।
बिगड़ी 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत
जानकारी के मुताबिक बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर बड़ी संख्या में लोगों को बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। नकली शराब के सेवन की वजह से 100 से ज्यादा लोग बीमार बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब का कहर, 14 लोगों की मौत; 100 से ज्यादा की हालत गंभीर
अस्पताल में इलाज के दौरान इनमें से 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं गंभीर हालत वाले कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है।
