विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: झमाझम बारिश पर फिलहाल ब्रेक, 9 सितंबर से फिर बदलेगा मौसम; आज इन जिलों में वर्षा-गरज का अलर्ट

Published: Tue, 08 Sep 2026 02:44 PM (IST)

मध्य प्रदेश में फिलहाल तेज बारिश पर विराम लग गया है, हालांकि कुछ जिलों में हल्की वर्षा और गरज-चमक जारी ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में फिलहाल तेज बारिश का दौर थमा।

  2. 9 सितंबर से मानसून की सक्रियता फिर बढ़ेगी।

  3. बारिश थमने से प्रदेश के तापमान में हुई बढ़ोतरी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी तेज बारिश के दौर पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। सोमवार को इंदौर को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश नहीं हुई, जबकि भोपाल समेत कई जिलों में दिनभर धूप खिली रही। मंगलवार को भी कई इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है। हालांकि, प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क नहीं रहेगा और कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अगले 24 घंटों में अलग-अलग क्षेत्रों में बनी रह सकती हैं। खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश के सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर और मैहर जिलों में कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। वहीं प्रदेश के अन्य कुछ हिस्सों में भी बूंदाबांदी हो सकती है।

इन जगहों पर बारिश के आसार

मंगलवार को शाजापुर, आगर, उज्जैन, देवास, इंदौर, धार, खरगोन और बड़वानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में भी इंदौर में सबसे ज्यादा 58.8 मिमी यानी दो इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा बुरहानपुर में 39 मिमी, देवास में 28 मिमी, पन्ना में 19.2 मिमी, खरगोन में 12 मिमी, शाजापुर में 11 मिमी और शिवपुरी में 10 मिमी वर्षा हुई। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहीं।

बारिश थमी तो बढ़ा पारा

बारिश की रफ्तार कमजोर पड़ने के साथ कई संभागों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान नर्मदापुरम, उज्जैन, चंबल और सागर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 2.2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा। वहीं भोपाल और ग्वालियर संभाग में पारा 4.1 से 4.2 डिग्री सेल्सियस तक उछल गया।

यह भी पढ़ें- MP weather: ग्वालियर-चंबल में झमाझम बारिश, भोपाल-जबलपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार

9 सितंबर से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश में 9 सितंबर से बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है। इसकी सक्रियता 12 सितंबर तक बनी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बन रहे नए मौसमी सिस्टम के कारण बारिश की गतिविधियों में फिर तेजी आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के साथ उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के आसपास 11 सितंबर के करीब एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिर मजबूत हो सकती हैं।

सीजन में अब तक 6 फीसदी कम बारिश

एक जून से 7 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में दीर्घावधि औसत की तुलना में अब तक 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सामान्य से 1 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से 12 प्रतिशत कम रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण तथा प्रदेश के ऊपर से गुजर रही द्रोणिका के कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल तेज और व्यापक बारिश से राहत है, लेकिन 9 सितंबर से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के संकेत मिल रहे हैं।