विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के 80 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को जल्द मिलेगी लैपटॉप की राशि, CM मोहन सिंगल क्लिक से खातों में भेजेंगे; नोट कर लें तारीख

Published: Fri, 28 Aug 2026 08:26 PM (IST)

मध्यप्रदेश सरकार 1 सितंबर को 80,197 मेधावी छात्रों के खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये ट्रांसफर करेगी। ...और पढ़ें

सीएम डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)

सीएम डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 1 सितंबर को 80,197 छात्रों को मिलेंगे 25 हजार।

  2. लैपटॉप खरीदने के लिए सीधे बैंक खाते में राशि।

  3. पिछसे साल 94 हजार छात्रों को मिला था लाभ।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। सरकार 1 सितंबर को  80,197 विद्यार्थियों के बैंक खातों में यह राशि सीधे ट्रांसफर करेगी।

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार राज्यस्तरीय कार्यक्रम भोपाल स्थित कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में 1 सितंबर को दोपहर 3 बजे आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पात्र विद्यार्थियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि अंतरित करेंगे।

खाते में आएंगे 25 हजार

इस योजना में सरकार विद्यार्थियों को तैयार लैपटॉप उपलब्ध नहीं कराती है। इसके बजाय प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के बैंक खाते में 25 हजार रुपये जमा किए जाते हैं। विद्यार्थी इस राशि का उपयोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार लैपटॉप खरीदने में कर सकते हैं।

75 प्रतिशत अंक वालों को मिलेगा लाभ

योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता पूरी करना जरूरी है। 12वीं की परीक्षा पहले प्रयास में उत्तीर्ण करने वाले और न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी इसके लिए पात्र होंगे।

दूसरे प्रयास में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को विभाग की ओर से तय अन्य पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा।

यह भी पढ़ें- 'मकान आधा डूब चुका है...' फिर खामोश हो गया फोन, नेपाल धार्मिक यात्रा पर गए भोपाल के एक ही कुटुंब के 29 लोग लापता; सदमे में परिजन

पहले 85 प्रतिशत थी पात्रता की सीमा

मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने वाली इस योजना की शुरुआत वर्ष 2009-10 में हुई थी। शुरुआत में इसका लाभ लेने के लिए 12वीं में कम से कम 85 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य था।

बाद में सरकार ने पात्रता की सीमा घटाकर 75 प्रतिशत कर दी। इससे योजना के दायरे में आने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई और अधिक मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए आर्थिक सहायता मिलने लगी।

पिछले साल 94 हजार विद्यार्थी थे पात्र

पिछले वर्ष इस योजना के तहत करीब 94 हजार विद्यार्थी शामिल किए गए थे। इस वर्ष पात्र विद्यार्थियों की संख्या करीब 80,197 है। एक सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में इन सभी पात्र विद्यार्थियों के खातों में निर्धारित राशि अंतरित की जाएगी।