कर्नल सोफिया प्रकरण में मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमे की मांग तेज, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्यपाल से की मुलाकात
कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति के ...और पढ़ें

उमंग सिंघार की अगुआई में कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात।
HighLights
कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मांग की।
कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान को लेकर विवाद।
राज्यपाल से मुलाकात कर अभियोजन स्वीकृति देने का आग्रह।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। ऑपरेशन सिंदूर की नायिका कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान देने के मामले में मध्य प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति देने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल का दरवाजा खटखटाया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह मंत्री जैसे संवैधानिक पद पर ही क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं हो सकता। पार्टी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री के विरुद्ध अभियोजन की अनुमति देने की मांग की है।
'सेना और महिलाओं दोनों का अपमान'
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि मंत्री विजय शाह की टिप्पणी से देश की सेना और महिलाओं, दोनों का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने मंत्री के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए सरकार से अभियोजन स्वीकृति मांगी थी। इसके बावजूद कैबिनेट द्वारा अभियोजन की अनुमति नहीं देने की अनुशंसा करना उचित नहीं है।
सिंघार ने कहा कि जब किसी मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन का सवाल हो, तब शासन को निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के अनुरूप जल्द निर्णय लेना चाहिए।
राज्यपाल से की अभियोजन की मंजूरी देने की मांग
कांग्रेस विधायक दल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता और संवैधानिक मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी जाए। कांग्रेस का कहना है कि पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- कर्नल सोफिया मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ नहीं चलेगा मुकदमा, राज्यपाल ने दी हरी झंडी
कुणाल चौधरी का सरकार पर निशाना
उधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने भी अभियोजन की स्वीकृति नहीं देने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या बेटी के सम्मान और सेना के शौर्य से मंत्री का पद बड़ा है? उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है, जिसके चलते मंत्री को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
चौधरी ने कहा कि कैबिनेट की अनुशंसा पर राज्यपाल की ओर से मुहर लगाना भी उचित नहीं होगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम से उसकी सेना के नाम पर राजनीति करने की सोच सामने आ गई है।
