MP Board Exam 2027: 10वीं-12वीं परीक्षा का टाइम टेबल जारी, 17 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं; यहां देखें पूरा शेड्यूल
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 2027 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से और 10वीं की 24 फरवरी से सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी।

-प्रतीकात्मक चित्र।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने गुरुवार को हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मंडल की ओर से जारी टाइम टेबल के अनुसार, 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी 2027 से शुरू होंगी, जबकि 10वीं की मुख्य परीक्षा 24 फरवरी 2027 से आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
परीक्षा कार्यक्रम नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए जारी किया गया है। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
10वीं का पहला पेपर 24 फरवरी को
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार, हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2027 की शुरुआत 24 फरवरी 2027 को होगी। पहले दिन मराठी, गुजराती, पंजाबी और सिंधी सहित कुछ अन्य निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के पेपर होंगे।
10वीं की परीक्षा में गणित के स्टैंडर्ड और बेसिक दोनों विकल्प के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी विशेष विषयों का उल्लेख टाइम टेबल में किया गया है।

12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से होंगी
हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2027 की शुरुआत 17 फरवरी 2027 से होगी। पहले दिन बायोटेक्नोलॉजी, गायन वादन और तबला पखावज विषयों की परीक्षा निर्धारित है।
इसके बाद भाषा, संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, ड्राइंग एंड डिजाइनिंग, मनोविज्ञान, इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेस, समाजशास्त्र, भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, विज्ञान, इतिहास, जीवविज्ञान, राजनीति शास्त्र, रसायन शास्त्र, गणित सहित अलग-अलग संकायों के विषयों की परीक्षाएं होंगी।

सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगी परीक्षा
मंडल के जारी कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं दोनों परीक्षाओं का समय सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहना होगा।
यह भी पढ़ें- MP की 3 फोरलेन सड़कों पर टोल का खेल! लागत से पांच गुना तक वसूली, फिर भी 2038 तक वाहन चालकों की जेब होगी ढीली
10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक, जबकि 12वीं की 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक चलेंगी।

