भोपाल के न्यू मार्केट में छोले-भटूरे की दुकान में भड़की आग, आसपास की दुकानें भी चपेट में आईं; 3 लोगों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान
भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर छोले-भटूरे की दुकान में आग लग गई, जो देखते ही देखते आसपास की ...और पढ़ें
HighLights
न्यू मार्केट में छोले-भटूरे की दुकान में लगी आग।
आग से 5-6 दुकानें और 10-12 रेहड़ियां प्रभावित हुईं।
अतिक्रमण के कारण दमकल को पहुंचने में हुई देरी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। शहर के व्यस्ततम न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेड़ापति हनुमान मंदिर के पीछे स्थित छोले-भटूरे की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें करीब 20 से 25 फीट ऊंची हो गईं और आसपास की दुकानों व रेहड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोले-भटूरे तलने के दौरान अचानक भट्टी से आग भड़क गई और दुकान के ऊपर लगा बैनर भी आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में लपटें तेजी से बढ़ने लगीं और आग ने आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में दो गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे। लोगों ने सिलिंडर में विस्फोट होने की बात भी कही, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हालांकि, निगम के दमकल अमले ने सिलिंडर में विस्फोट से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय दुकान में करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे। आग लगते ही सभी तत्काल बाहर निकल गए और अपनी जान बचाई। हालांकि, तीन लोग इमारत के ऊपरी हिस्से में फंस गए थे। वे खिड़की के जरिए बाहर निकले और कूदकर अपनी जान बचाई।

20 से ज्यादा दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। 20 से ज्यादा दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। लपटें तेज होने के कारण शुरुआत में दमकलकर्मियों को दुकान के भीतर प्रवेश करने में परेशानी हुई। करीब एक घंटे तक बाहर से पानी डालकर आग की तीव्रता कम की गई।

इसके बाद दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और अंदर सुलग रहे सामान पर पानी डाला गया। करीब पांच घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए दमकलकर्मी काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे।

अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों में नाराजगी
आसपास के व्यापारियों ने दमकल के पहुंचने में देरी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि न्यू मार्केट में अतिक्रमण, रेहड़ियों और वाहनों के कारण रास्ते संकरे हैं। इसी वजह से दमकल वाहनों को अंदर आने में परेशानी हुई और तब तक आग कई दुकानों तक फैल गई। आग से करीब पांच-छह दुकानें और 10-12 रेहड़ियां प्रभावित हुईं। कपड़े, मोबाइल और बर्तन समेत कई दुकानों का सामान जल गया। व्यापारियों के अनुसार, दिवाली के लिए बड़ी मात्रा में स्टाक रखा गया था, जिससे नुकसान बढ़ गया।
व्यापारियों ने रखी अतिक्रमण हटाने की मांग
घटना के बाद व्यापारियों ने महापौर मालती राय और विधायक भगवानदास सबनानी के सामने अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। विधायक ने घटना को सबक बताते हुए न्यू मार्केट को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही। हादसे ने बाजार की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन रास्तों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, भट्टी से आग भड़कने की वजह से आग लगी है।
- सौरभ पटेल, फायर ऑफिसर, भोपाल नगर निगम
