सोलो ट्रिप पर जाने का बना रहे हैं प्लान? घर से निकलने से पहले गांठ बांध लें ये 'गोल्डन रूल्स'
सोलो ट्रिप रोमांचक होने के साथ-साथ चुनौतियां भी ला सकता है, इसलिए सुरक्षा और तैयारी जरूरी है।

सोलो ट्रिप पर जाने से पहले ध्यान रखें ये बातें (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सोलो ट्रिप करना काफी रोमांचक होता है। अकेले घूमते समय आप बिना किसी दबाव या जल्दबाजी के आराम से घूम सकते हैं। इतना ही नहीं, सोलो ट्रिप पर जाने से आपकी फैसले लेने की क्षमता और चुनौतियों का सामना करने की सूझ-बूझ भी बढ़ती है, लेकिन इस दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
सोलो ट्रिप मजेदार होता है, लेकिन इस दौरान कुछ चुनौतियां का सामना भी करना पड़ सकता है। इसलिए पहले से सावधानी और जानकारी जरूरी है। आइए जानें सोलो ट्रिप पर किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
सही डेस्टिनेशन और रिसर्च
अगर आप पहली बार सोलो ट्रिप पर जा रहे हैं, तो ऐसी जगह चुनें, जो सुरक्षित हो और वहां आना-जाना काफी आसान हो। ट्रिप शुरू करने से पहले उस जगह का मौसम, संस्कृति, खान-पान, भाषा और परिवहन के साधनों के बारे में अच्छी तरह जानकारी इकट्ठा कर लें। साथ ही, ये जरूर जान लें कि वहां किन जगहों पर जाना सुरक्षित नहीं है और उन जगहों से बचें।
घर वालों के साथ ट्रैवल आइटिनररी शेयर
अकेले ट्रैवल करना मजेदार है, लेकिन सुरक्षा का ध्यान रखना उतना ही जरूरी है। आप कहां रुक रहे हैं, आपकी फ्लाइट या ट्रेन का समय, आप कहां-कहां जा रहे हैं, ये सभी जरूरी जानकारियां अपने किसी भरोसेमंद दोस्त या परिवार के सदस्यों के साथ जरूर शेयर करें। इसके अलावा, रोजाना अपनी लोकेशन के बारे में घर वालों को अपडेट करते रहें।
जरूरी डॉक्यूमेंट और इमरजेंसी कैश
अपना आई-डी प्रूफ, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, होटल बुकिंग आदि की हार्ड कॉपी के साथ-साथ डिजिटल कॉपी भी ईमेल पर जरूर सेव करें। पैसों के मामले में पूरी तरह ऑनलाइन पेमेंट पर निर्भर न रहें और अपने साथ कुछ इमरजेंसी कैश जरूर रखें। साथ ही, सारा कैश एक जगह नहीं रखें। कुछ अपनी जेब में, तो कुछ बैग में छिपाकर रखें, ताकि नेटवर्क न रहने की स्थिति में आपको परेशान न हो।
लाइट पैकिंग करें
सोलो ट्रिप पर अपना सारा सामान आपको खुद ही उठाना पड़ता है। इसलिए सिर्फ जरूरत का सामान साथ रखें। रुकने के लिए महंगे होटलों की जगह हॉस्टल्स या डोर्मेट्री बेहतर ऑप्शन हैं। इनसे आपके पैसे भी बचेंगे और आपको दूसरे सोलो ट्रैवलर्स से भी मिलने का मौका मिलेगा।
गट फीलिंग पर भरोसा रखें
ट्रिप पर आपको कई तरह के लोग मिलेंगे। कुछ लोग आपकी मदद करेंगे, तो कुछ से आपको नेगेटिव वाइब्स भी आ सकती है। अगर आपको किसी इंसान या जगह पर अनकम्फर्टेबल महसूस हो रहा है, तो तुरंत वहां से दूर हो जाएं। अपनी गट फीलिंग्स को ओवर थिंकिंग समझकर नजरअंदाज न करें।
