यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रंग-बिरंगे पक्षियों का होगा दीदार, बर्ड लवर्स भरतपुर में बर्ड सेंचुरी समेत घूमें ये 5 जगहें
राजस्थान का भरतपुर प्रकृति, इतिहास और अध्यात्म सभी चीजों को अपने अंदर समेटे हैं। ऐसे में अगर आप पक्षी प्रेमी हैं तो फिर यहां की बर्ड सेंचुरी के ...और पढ़ें

केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान
राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित बर्ड सेंचुरी यानी कि पक्षी अभरण्य बेहद खूबसूरत है। इसे केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के नाम से भी जानते हैं। यहां पर रंगबिरंगे पक्षियों का कलरव पर्यटकों को बहुत भाता है। सर्दी शुरू होते ही यहां पर प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो जाता है। इस बर्ड सेंचुरी में अफगानिस्तान, तुर्की, चीन जैसे हजारों किलोमीटर दूर देशों से आने वाले पक्षी पर्यटकों को बहुत भाते हैं। यहां पर करीब 300 से अधिक प्रजातियों के पक्षी देखने को मिलते हैं। पयर्टकों को सामान्य छोटी बतख, जंगली बतख, वेगंस, शोवेलेर्स, पिनटेल बतख, सामान्य बतख, लाल कलगी वाली बतख अपनी ओर आकर्षित करती है। यह भारत का सबसे बड़ा पक्षी अभयारण्य है। इसे 1982 में राष्ट्रीय उद्यान और 1985 में यूनेस्को द्वारा विश्व विरासत स्थल में शामिल किया गया। यहां घूमने का उचित समय सर्दियों में ही है।
गंगा मंदिर
भरतपुर में बना गंगा मंदिर भी सैकड़ों साल पुराना है। यहां मंदिर में मगरमच्छ की पीठ पर विराजी गंगा माता की सफेद संगमरमर से बनी प्रतिमा स्थापित है। गंगा जी का यह मंदिर प्राचीन वास्तुकला के विभिन्न नमूनों को पेश करता है। यहां तीज त्योहारों के अलावा सामान्य दिनों में भी भक्तों की काफी भीड़ होती है।
लक्ष्मण मंदिर
भरतपुर में 300 साल से भी ज्यादा पुराना एक लक्ष्मण मंदिर है। इसे भारत का इकलौता लक्ष्मण मंदिर कहा जाता है। यहां राम, लक्ष्मण, उर्मिला, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी की अष्टधातु की मूर्तियां हैं। इस मंदिर में की गई नक्काशी काफी जटिल दिखती है। भरतपुर आने वाले पयर्टक यहां जरूर आते हैं।
लोहगढ़ किला
भरतपुर जिले में लोहगढ़ किला भी घूमने की अच्छी जगहों में एक है। इतिहास प्रेमियों को यह जगह बहुत पसंद है। लोहागढ़ किला अपनी वीरता की मिसाल को दर्शाता है। इस किले का निर्माण भरतपुर को बसाने वाले जाट महाराजा सूरजमल द्वारा कराया गया था। इसके अंदर एक राजकीय संग्रहालय भी बना है।
खबरें और भी
डीग महल
भरतपुर में एक बेहद पुराना महल स्थित है। इस महल का नाम डीग महल है। इसका निर्माण भी सूरजमल ने ही कराया था। डीग महल बेहद ऊंची दीवारों तथा बुर्जों वाला मजबूत महल है। यहां पर बने मेहराब, आकर्षक जलाशय के अलावा हरियाली और फौव्वारें आदि पयर्टकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।