30 की उम्र से पहले सोलो ट्रिप बदल सकती है पूरी जिंदगी, ये रहीं 6 बड़ी वजहें!
ट्रैवल करना इन दिनों एक हॉबी से कुछ ज्यादा है, यह एक जुनून बन चुका है।

30 की उम्र से पहले एक बार तो सोलो ट्रिप पर जाना जरूरी है (Image Source: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली: ट्रैवल करना इन दिनों एक हॉबी से कुछ ज्यादा है, यह एक जुनून बन चुका है। वो जुनून जो अनुभवों, सुकून और एडवेंचर से भरा हुआ है। ऐसे में अगर आप अगली ट्रिप प्लान करने की सोच रहे हैं तो क्यों न सोलो ट्रिप के बारे में सोचा जाए? हां! हर किसी को 30 की उम्र से पहले एक बार तो सोलो ट्रिप पर जाना ही चाहिए। इसके पीछे एक दो नहीं बल्कि ऐसी 6 वजहें हैं जिनका आगे हम जिक्र करने वाले हैं।
खुद से अच्छी कंपनी कोई नहीं
खुद से अच्छी कंपनी हमें कहीं और कभी नहीं मिल सकती, वो जो लाइन हैं न ‘अहं ब्रह्मास्मि’ इसी संदर्भ में कही गई है। वो बात अलग है कि इसकी व्याख्या ट्रैवल करने जैसी बातों से कहीं ऊपर है, पर कुछ हद तक तो फिट बैठता ही है। सोलो ट्रिप करना हमें खुद से जुड़ना सिखाता है, और यह खुद से प्यार करने और मैच्योर बनने की दिशा में एक कदम है।
मनमर्जी के मालिक
माना कि 18 साल के बाद हम बालिग हो जाते हैं पर भारतीय घरों में शादी तक के फैसले 25-30 की उम्र तक पेरेंट्स ले रहे होते हैं। वहीं, ग्रुप के साथ जाने पर हम उनके सर्कल में बंध जाते हैं। ऐसे में सोलो ट्रिप हमें मनमर्जी का मालिक बनाती है। इसी वजह से आजादी का मजा चखना जरूरी है जहां सिर्फ अपने कायदे कानून हों।
डर और असुरक्षा पर काबू पाना
सबकी अपनी कुछ असुरक्षा और डर होते हैं, जिनके साथ हम जी रहे होते हैं। किसी को अकेले कहीं जाने से डर लगता है, किसी को लोगों से मिलने-जुलने और बात करने में झिझक महसूस होती है तो किसी को यह नहीं पता कि खुद को प्रेजेंट कैसे करना है। ऐसे ही बहुत से डर पर काबू पाना है तो एक सोलो ट्रिप तो बनती है।
नए लोगों से मिलने का मौका
बोरिंग लाइफ में थोड़ा तड़का लगाना है और जिंदगी को नए सिरे से शुरू करना है तो सोलो ट्रिप पर जाओ, लोगों से मिलो और दोस्त बनाओ। यह न केवल सोशलाइज होना सिखाएगा बल्कि दूसरों को समझने में भी बड़ा मददगार है।
जीवन को देखने का एक अलग नजरिया
अक्सर हमें अपने दु:ख, दिक्कतें बहुत बड़ी लगती हैं और सामने वाले की छोटी। जीवन को एक अलग नजरिए से देखना है तो जरूरी है कि अकेले ट्रिप पर जाया जाए। नई जगह पर लोगों के रहन-सहन से लेकर उनके दु:ख को महसूस करने से हमें खुद की लाइफ सिंपल लग सकती है।
टाइम और पैसे मैनेज करना के लिए
टाइम और मनी मेनेजमेंट जैसी बातें सुनने में ही ज्यादा अच्छी लगती है लेकिन अकेले सफर पर निकलने पर हमें समझ में आता है कि समय और पैसे की कितनी वैल्यू है। यह बात समझ में आने के बाद मेनेजमेंट तो हो ही जाएगा।

