1 साल की वैलिडिटी, लेकिन 90 दिनों की लिमिट; सऊदी अरब ने जारी की उमराह की नई गाइडलाइन्स
उमराह यात्रा से पहले सऊदी अरब की नई गाइडलाइंस जान लें।

सऊदी अरब के उमराह के लिए नए नियम (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप इस साल उमराह यात्रा प्लान करने की सोच रहे हैं, तो आपको नए अपडेट के बारे में जरूर जान लेना चाहिए। दरअसल, हाल ही में सऊदी अरब ने उमराह से जुड़े नए नियम जारी किए हैं, जो यह बताते हैं कि आप साल में कितनी बार उमराह के लिए जा सकते हैं और किस तरह आवेदन करना होगा। आइए, आपको सऊदी अरब के इन नए दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताते हैं।
साल भर का वीजा वैलिडेशन
सऊदी अरब ने उमराह के लिए मल्टीपल एंट्री वीजा जुलाई महीने से शुरू किया है, जिसकी वैलिडिटी जारी होने के दिन से कुल 365 दिन यानी एक साल तक रहेगी। जब तक यात्रियों का वीजा वैलिड होगा, तब तक वो साल में कई बार यात्रा के लिए जा सकते है।
यात्रा से पहले लेना होगा परमिट
भले ही साल में कई बार यात्रा करने की अनुमति मिल गई हो, लेकिन इसकी एक शर्त है, बता दें कि सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने जो नए नियम जारी किए हैं, उसमें पहले आपको Nusuk नामक एप से परमिट लेना होगा।
इस बात का भी ध्यान रखना पड़ेगा कि जब आप पैकेज बुक करें तो आपके सर्विस पैकेज और परमिट की तारीख एक दूसरे से मेल खाए। इसका सीधा सा मतलब यह है कि वैध वीजा से भी आप बिना परमिट लिए दोबारा उमराह की यात्रा नहीं कर सकते।
90 दिनों से ज्यादा रुकने की मनाही
इसमें एक जान लेने वाली बात यह भी कि नियमों में साल में कई बार यात्रा करने की छूट तो दी गई है, पर यहां रुकने की कुल अवधि 90 दिन तक ही अधिकतम रखी है। इसे सरल शब्दों में समझें तो मान लीजिए कि आप साल में 3-4 बार उमराह यात्रा का प्लान करते हैं। ऐसे में आप वहां जा सकते हैं, लेकिन उन 4 बार की यात्रा के कुल दिन 90 दिन तक ही होने चाहिए, यानी पूरे साल वहां ठहरने की अवधि इससे ज्यादा नहीं हो सकती।
पहली बार का आवेदन भी Nusuk एप पर
अगर आप उमराह की पहली बार यात्रा कर रहे हैं तो उसके लिए आवेदन भी सबसे पहले Nusuk एप पर ही करना होगा। एप में जाकर सर्विसेज से जुड़ा पैकेज खरीदना होगा और फिर वीजा के लिए आवेदन करना होगा।
