परेशान बच्चा भी खुलकर बोलेगा: मन की बात जानने के लिए पेरेंट्स को पूछने चाहिए ये 6 सवाल
इस आर्टिकल में आप जानेंगे कि कैसे बच्चों को बिना दबाव महसूस कराए उनके मन की बात समझी जा सकती है।

बच्चों की सोच समझने के लिए हर माता-पिता को पूछने चाहिए ये 6 सवाल (Image Source: AI-Generated)
HighLights
"दिन का सबसे मुश्किल पल?" पूछकर बात शुरू करें
"जादू की छड़ी होती तो क्या बदलते?" से रचनात्मकता जगाएं
"याद है ना, मैं तुमसे कितना प्यार करती हूं?" से भरोसा बढ़ाएं
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर ऐसा होता है कि बच्चा स्कूल या पार्क से लौटता है और एकदम चुप-चुप रहता है। उसका उतरा हुआ चेहरा साफ बता रहा होता है कि वह परेशान है, लेकिन पूछने पर रटा-रटाया जवाब मिलता है- "कुछ नहीं।"
ऐसे में, माता-पिता का चिंतित होना लाजमी है। हम चाहते हैं कि बच्चा अपने दिल की बात हमसे शेयर करे, लेकिन कई बार हमारे सीधे सवाल (जैसे- "क्या हुआ?", "किसने मारा?", "तुम रो क्यों रहे हो?") उन्हें और भी ज्यादा डरा देते हैं या चुप कर देते हैं।
अगर आप भी इस सिचुएशन से गुजरते हैं, तो अगली बार पुलिस की तरह पूछताछ करने के बजाय, इन 6 सवालों का इस्तेमाल करें। यकीन मानिए, आपका बच्चा खुद अपने मन की बात कह देगा।

(Image Source: AI-Generated)
दिन का सबसे मुश्किल पल?
जब आप सीधे "क्या हुआ?" पूछते हैं, तो बच्चे को समझ नहीं आता कि वह कहानी कहाँ से शुरू करे। इसके बजाय, यह पूछने पर वे आसानी से उस एक घटना पर फोकस कर पाते हैं जिसने उनका मूड खराब किया है। यह बिना किसी दबाव के बात शुरू करने का एक बेहतरीन तरीका है।
बात करें या बस साथ बैठें?
यह सवाल बच्चे को यह अहसास दिलाता है कि स्थिति का कंट्रोल उसके हाथ में है। कई बार बच्चे तुरंत बात नहीं करना चाहते, वे सिर्फ यह चाहते हैं कि कोई उनके पास हो, उन्हें अकेला न छोड़े। यह सवाल उनका आप पर भरोसा बढ़ाता है और वे सुरक्षित महसूस करते हैं।
जादू की छड़ी होती तो क्या बदलते?
यह एक बहुत ही मजेदार और रचनात्मक सवाल है। बच्चों की कल्पना बहुत तेज होती है। इस सवाल के जरिए वे खेल-खेल में आपको वह बात बता देंगे, जिसने उन्हें असल में दुखी किया है। (जैसे- "मैं जादू की छड़ी से उस लड़के को गायब कर देता, जिसने मेरा टिफिन गिराया था।")
क्या तुम उदास या गुस्से में हो?
कई बार बच्चों को खुद समझ नहीं आता कि उनके अंदर क्या चल रहा है। वे बस उलझन में होते हैं। जब आप उनके इमोशन्स को एक नाम (उदासी, गुस्सा, डर) देते हैं, तो उन्हें बहुत राहत मिलती है। उन्हें लगता है कि उनके माता-पिता बिना कहे ही उनके दिल का हाल समझ रहे हैं।
मेरी मदद चाहिए या खुद सुलझाओगे?
जब बच्चा परेशान होता है, तो अक्सर हम तुरंत उन्हें सलाह देने लगते हैं या उनकी तरफ से लड़ने को तैयार हो जाते हैं। इसके बजाय, यह पूछें। इससे बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ता है। उसे लगता है कि आप उसकी काबलियत पर शक नहीं कर रहे हैं, बल्कि एक सच्चे दोस्त की तरह बस साथ खड़े हैं।
याद है ना, मैं तुमसे कितना प्यार करती हूं?
यह एक सवाल कम और एक एहसास ज्यादा है। जब बच्चा किसी बात से डरा हुआ, शर्मिंदा या दुखी होता है, तो उसे सबसे ज्यादा इसी बात की जरूरत होती है कि कोई उसे बिना किसी शर्त के प्यार करे। यह सुनकर कोई भी परेशान बच्चा सीधा आपके गले लगकर अपने दिल का गुबार निकाल सकता है।
आखिरी बात जो याद रखनी है...
बच्चों के दिल का दरवाजा खोलने की चाबी 'सब्र' है। जब आप ये सवाल पूछें, तो उनके जवाब का शांति से इंतजार करें। उन्हें बीच में टोकें नहीं और न ही तुरंत कोई जजमेंट पास करें। बस उनकी बात सुनें, और आप देखेंगे कि आपका शांत और सहमा हुआ बच्चा कैसे आपके सामने अपने मन की किताब खोल देता है।
