बाजार से लाते ही कुछ दिन में गलने-सड़ने लगता है धनिया? ताजा और खुशबूदार बनाए रखने के लिए अपनाएं ये ट्रिक्स
धनिये को खरीदने से लेकर फ्रिज में रखने तक बहुत सी बातों का ध्यान रखना होता है।

धनिया गलने सड़ने से बचाने के टिप्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हरे धनिए की ताजगी और खुशबू ही है जो किसी भी डिश में स्वाद बढ़ा देती है, लेकिन कई बार बाजार से खरीदकर पाने पर ये एक-दो दिन में काला पड़ने के साथ ही सड़ने लगता है। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि धनिया ताजा कुछ दिनों तक तो कम से कम ताजा बना रहे तो इसके लिए यहां कुछ हैक्स बताए जा रहे हैं।
सही धनिया खरीदें
धनिया स्टोर करने से ज्यादा जरूरी है यह ध्यान देना कि हम कैसा धनिया खरीदकर घर ला रहे हैं। उसका गहरा हरा रंग और ताजा खुशबू फ्रेश धनिये की सबसे बड़ी पहचान है।
सीधे लाकर फ्रिज में न रखें
हमारी आदत होती है कि बाजार से कोई भी सब्जी लाते हैं तो उसे सीधे फ्रिज में रख देते हैं। जबकि धनिये के साथ ऐसा करने से बचें। इसके बजाय धनिये को लाकर धो लें और फिर उसे अच्छे से सुखाने के बाद ही फ्रिज में स्टोर करें ताकि वह जल्दी सड़े नहीं।
कांच के गिलास में स्टोर करें
धनिये में ताजगी बनाए रखने के लिए एक कांच के गिलास या जार में इतना पानी डालें कि उसकी नीचे की डंडी भीगी रहे। अगर लंबे समय तक स्टोर करना है तो हर दो से तीन दिन में पानी बदलते रहना है। अगर फ्रिज में स्टोर करना चाहते हैं तो इसके ऊपर कोई प्लास्टिक का कवर लगाकर रख दें।
पेपर टॉवल में रखें
इसके लिए धनिये को धोकर किसी बड़ी सी प्लेट में सुखाकर रख दें। जब वो पूरी तरह से सूख जाए तो पेपर टॉवल में उसे लपेट लें। इसके बाद आप इसे किसी जिप बैग या बंद डिब्बे में रखकर फ्रिज में रख सकते हैं। दरअसल, पेपर टॉवल धनिये की अतिरिक्त नमी को सोखकर उसे जल्दी सड़ने या गलने से रोकता है।
एयरटाइट कंटेनर में रखें
सबसे आसान तरीका एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करना है। इसके लिए पहले धनिये को धोकर सुखा लेना है, ध्यान रहे कि उसमें नमी न रहने पाए। फिर किसी एयर टाइट कंटेनर में टिश्यू पेपर बिछाकर इसमें धनिया डालें औ अच्छे से बंद करके फ्रिज में रखें।
फ्रिजर ट्रिक
धनिये को धोकर बारीक काट लें और इसे आईक्यूब ट्रे में पानी के साथ भरकर फ्रिजर में जमा लें। जब भी सब्जी बनाएं तो इन क्यूब्स को सीधे डाल दें।
यह भी पढ़ें- लिविंग रूम के खाली कोने को बनाना है अट्रैक्टिव? सजावट में चार-चांद लगा देंगे ये खूबसूरत इंडोर प्लांट्स
यह भी पढ़ें- गैस सिलिंडर की खपत कम करनी है, तो बिना देरी करें काले पड़े बर्नर की सफाई; नोट करें सबसे आसान तरीका
