बिना मिट्टी के भी लहलहाएंगे पौधे! पर पहले जान लें पानी वाले इंडोर प्लांट्स लगाने का सही तरीका और रख-रखाव
कुछ पौधों को बिना मिट्टी और खाद के भी सिर्फ पानी से ग्रो किया जा सकता है, पर इनकी देखभाल में भी जरूरी बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए।

बिना मिट्टी के उगने वाले पौधे (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल शहरों में जगह की कमी के चलते कुछ लोग गार्डनिंग के शौक को पूरा नहीं कर पाते। बड़े गमलों, मिट्टी और खाद की तैयारी भी कुछ लोगों के लिए बिजी शेड्यूल में भारी काम है। ऐसे में अगर आप भी इन वजहों से घर में पौधे नहीं रख पा रहे हैं तो हम यहां कुछ ऐसे पौधों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें बगैर मिट्टी के केवल पानी से हरा-भरा किया जा सकता है।
पीस लिली
पीस लिली एक इंडोर पौधा है जिसे बिना मिट्टी के केवल पानी से उगाया जा सकता है। इसके सफेद फूल और हरे पत्ते घर की सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं।
किस बात का रखें ध्यान?
अगर पानी में इस पौधे को उगाना चाहते हैं तो इसे मिट्टी से निकालकर अच्छे से धो लें, ताकि जड़ों में मिट्टी रहने न पाए। इसके बाद एक साफ पारदर्शी बोतल में पानी भरकर इसे रखें। इस पानी को समय-समय पर बदलते रहें।
लकी बैम्बू
लकी बैम्बू का फेंगशुई और वास्तु शास्त्र में खास महत्व बताया गया है, ऐसी मान्यता है कि इसे घर में रखने से सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का विस्तार होता है। इसके नाम की बात करें तो भले ही नाम में बैम्बू हो लेकिन यह बांस नहीं है। इसका संबंध 'ड्रेकेना सैंडेरियाना' नामक प्रजाति से है जिसे बहुत कम देखभाल और बिना मिट्टी के उगाया जा सकता है।
किस बात का रखें ध्यान?
पानी एकदम साफ होना चाहिए जिसमें बस पौधे की जड़ें डूबी रहें। फिल्टर पानी का इस्तेमाल करें तो और भी बेहतर। इसके अलावा, बर्तन की सफाई के साथ ही पानी को भी हर हफ्ते दस दिन में बदलते रहें।
मनी प्लांट
मनी प्लांट जिसके नाम से पता चलता है, ऐसा पौधा जो धन और समृद्धि को आकर्षित करे। वास्तु शास्त्र के हिसाब से इसे घर पर लगाना शुभ होता है, पर ज्यादातर यह प्लांट बिना मिट्टी के उगाने पर ठीक से ग्रो नहीं हो पाता।
किस बात का रखें ध्यान?
जब भी किसी बोतल में पानी भरकर इस पौधे को लगाएं तो हमेशा फ्रेश कटिंग को चुनना चाहिए। इसे सीधी धूप पड़ने से बचाना चाहिए और इस तरह पानी कमें रखना चाहिए कि पत्तियां ज्यादा पानी में सड़े नहीं।
फिलोडेंड्रॉन
इस पौधे की सबसे खास बात यह है कि बिना मिट्टी के भी तेजी से बढ़ता है। फिलोडेंड्रॉन में आने वाली दिल के आकार की पत्तियां घर, बालकनी और ऑफिस की सुंदरता बढ़ाने का काम करती है।
किस बात का रखें ध्यान?
इसे पानी में लगाते समय नोड की स्थिति चेक करें, कटिंग ऐसी हो जिसमें कम से कम एक या दो गांठ उभरी हो। इसके अलावा, पत्तियों को पानी में सड़ने से भी बचाएं। फिलोडेंड्रॉन को ऐसी जगह रखें जहां धूप सीधे तौर पर न पड़ती हो लेकिन रोशनी पूरी हो।
