विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मजबूत हड्डियों के लिए सभी को चाहिए कैल्शियम और विटामिन-डी सप्लीमेंट्स? गोलियां खाने से पहले लें डॉक्टर की सलाह

By Dr. Akhilesh YadavEdited By: Swati Sharma
Published: Tue, 04 Aug 2026 04:30 PM (IST)

हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम और विटामिन-डी जरूरी हैं, लेकिन सभी को सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं होती। सिर्फ कुछ परिस्थितियों में इनकी जरूरत होती है।

डॉक्टर से बिना पूछे ले रहे हैं सप्लीमेंट्स? (AI Generated Image)

डॉक्टर से बिना पूछे ले रहे हैं सप्लीमेंट्स? (AI Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उम्र के हर पड़ाव में शरीर को मजबूत बनाए रखने और चोट से बचने के लिए स्वस्थ हड्डियां जरूरी हैं। इसके लिए कैल्शियम और विटामिन-डी बहुत जरूरी हैं। कैल्शियम हड्डियों का निर्माण करता है और विटामिन-डी शरीर में कैल्शियम के अब्जॉर्प्शन के लिए जरूरी है, लेकिन क्या मजबूत हड्डियों के लिए विटामिन-डी और कैल्शियम सप्लीमेंट्स लेना जरूरी है? इसका जवाब आपकी सेहत, लाइफस्टाइल, डाइट और हेल्थ कंडीशन्स पर निर्भर करता है। 

हेल्दी खाना और धूप भी है काफी

ज्यादातर स्वस्थ लोगों के लिए सप्लमीमेंट्स लेना जरूरी नहीं होता। अगर आपकी डाइट अच्छी है और आप रोज सही मात्रा में धूप लेते हैं, तो आपके शरीर में कैल्शियम और विटामिन-डी की कमी नहीं होगी। दूध, डेयरी प्रोडक्ट्स, फोर्टिफाइड ड्रिंक्स, टोफू, तिल, ड्राई फ्रूट्स और हरी पत्तेदार सब्जियां कैल्शियम का बेहतरीन सोर्स हैं। वहीं, सूरज की रोशनी के संपर्क में आने से हमारा शरीर विटामिन-डी बनाता है। इसके अलावा, फैटी फिश, अंडे की जर्दी और विटामिन-डी फोर्टिफाइड डेयरी प्रोडक्ट्स भी विटामिन-डी के अच्छे सोर्स हैं। 

किन लोगों को होती है सप्लीमेंट्स की जरूरत?

हालांकि, हर किसी की कैल्शियम और विटामिन-डी की जरूरत सिर्फ डाइट और धूप से पूरी नहीं हो पाती। बढ़ती उम्र, सर्जरी के बाद के मरीज, ऑस्टियोपोरोसिस के मरीज, धूप न मिलने पर, पाचन से जुड़ी परेशानियां, वीगन या डेयरी न खाने वाले और जिनका स्किन कलर डार्क है, ऐसे लोगों को विटामिन-डी और कैल्शियम सप्लीमेंट्स की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे लोगों में हड्डियों की डेंसिटी बढ़ाने और फ्रैक्चर के खतरे को कम करने में सप्लीमेंट्स मददगार साबित हो सकते हैं। 

खुद से सप्लीमेंट्स लेने से बचें

कई लोग बिना डॉक्टर से पूछे, खुद से ही सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं। ऐसा करना सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। जरूरत से ज्यादा सप्लीमेंट्स लेने से शरीर को फायदे की जगह नुकसान झेलना पड़ सकता है। कैल्शियम और विटामिन-डी के ओवरडोज की वजह से किडनी स्टोन्स, जी मचलना और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

 इसलिए कोई भी सप्लमीमेंट शुरू करने से पहले डॉक्टर से मिलकर ब्लड टेस्ट करवाएं। डॉक्टर आपकी उम्र, सेहत और कमी के स्तर के हिसाब से सप्लीमेंट्स की सही खुराक तय करेंगे।

सिर्फ सप्लीमेंट्स काफी नहीं

मजबूत और स्वस्थ हड्डियों के लिए सिर्फ कैल्शियम और विटामिन-डी सप्लीमेंट्स लेना काफी नहीं है। वॉकिंग, जॉगिंग, डांस करना और रेजिस्टेंस एक्सरसाइज जैसी वेट-बेयरिंग एक्सरसाइज हड्डियों की मजबूती के लिए  जरूरी हैं। इसके अलावा, प्रोटीन, विटामिन-के, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व भी हड्डियों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। 

इसलिए सप्लीमेंट्स सिर्फ उन लोगों के लिए जरूरी हैं, जिनमें इन पोषक तत्वों की कमी हो या किसी कारण से इनकी ज्यादा जरूरत हो। ज्यादातर लोगों को सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं होती। सही डाइट और धूप में समय बिताने से शरीर कैल्शियम और विटामिन-डी की कमी खुद ही पूरी कर लेता है। 

डॉ. अखिलेश यादव (डायरेक्टर, ऑर्थोपेडिक्स एंड जॉइन्ट रिप्लेसमेंट, मैक्स सुपर स्पेशेलिटी हॉस्पिटल, वैशाली)