यूपी के मैनपुरी की सोन पापड़ी का स्वाद क्यों है सबसे अलग? शादियों से लेकर त्योहारों तक रहती है जबरदस्त डिमांड
आमतौर पर त्योहारों में 'सोन पापड़ी' का डिब्बा देखकर लोग मुंह बना लेते हैं, क्योंकि इसे अक्सर एक-दूसरे को पास ...और पढ़ें

मैनपुरी की 'सोन पापड़ी' में आखिर ऐसा क्या है खास? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश अपने स्वाद और लजीज पकवानों के लिए पूरे देश में मशहूर है। जी हां, यूपी के हर शहर के खानपान की अपनी एक अलग खासियत है। इसी कड़ी में आज हम बात कर रहे हैं मैनपुरी की, जहां की एक खास मिठाई ने लोगों को अपना दीवाना बना रखा है।
यह मिठाई कोई और नहीं, बल्कि हम सबकी चहेती 'सोन पपड़ी' है। जो लोग इसे देखकर नाक-मुंह सिकोड़ते हैं, उनके लिए बता दें कि मैनपुरी की सोन पपड़ी बाजार में मिलने वाली आम सोन पपड़ी से बहुत अलग और खास होती है। आइए, जानते हैं आखिर इसमें ऐसा क्या खास है कि इसका स्वाद एक बार जुबान पर लग जाए, तो आसानी से नहीं उतरता।

(Image Source: AI-Generated)
मैनपुरी की मशहूर सोन पापड़ी
मैनपुरी में सोन पापड़ी कोई साधारण मिठाई नहीं है, बल्कि पूरे जिले की शान है। चाहे घर में कोई शादी हो, सगाई हो या फिर दिवाली और होली का मौका, यहां की सोन पापड़ी के बिना हर जश्न फीका लगता है। जो भी इसे एक बार खा लेता है, वो इसके स्वाद का मुरीद हो जाता है।
इस लाजवाब मिठाई का इतिहास भी काफी दिलचस्प है। आपको जानकर हैरानी होगी कि आज से करीब 90 साल पहले, एक छोटी-सी झोपड़ी से इसके स्वाद का सफर शुरू हुआ था। उस दौर में स्थानीय लोग इसे 'पीली मिठाई' कहकर बुलाते थे। जैसे-जैसे समय बीता, कई पीढ़ियां और लोगों के स्वाद बदल गए, लेकिन मैनपुरी की इस खास मिठाई का जादू कभी कम नहीं हुआ, बल्कि इसकी मांग और तेजी से बढ़ती चली गई।
90 सालों से बरकरार है स्वाद का जादू
अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इसमें ऐसा क्या खास है जो यह अन्य जगहों की सोन पापड़ी से अलग है? बता दें, इसका सबसे बड़ा राज इसकी शुद्धता और कारीगरों की मेहनत में छिपा है। इसे बनाने के लिए आज भी गांवों से एकदम असली और शुद्ध देसी घी मंगाया जाता है। इसी बेहतरीन घी में अच्छी क्वालिटी का बेसन और मैदा भूनकर इसे तैयार किया जाता है। कारीगर अपने हाथों के हुनर से इसमें इतने बारीक और खस्ता रेशे बनाते हैं कि यह मुंह में रखते ही किसी मक्खन की तरह पिघल जाती है।
यूपी सरकार ने दिया 'एक जिला-एक उत्पाद' का सम्मान
इस मिठाई की इसी खासियत और भारी डिमांड को देखते हुए, उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इसे पूरा सम्मान दिया है। इसे 'एक जिला, एक उत्पाद' योजना के तहत मैनपुरी की खास पहचान के तौर पर शामिल किया गया है। यहां की कई पुरानी और मशहूर दुकानों ने 90 साल पुराने उस जादुई स्वाद को आज भी जिंदा रखा है।
यह सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि मैनपुरी की संस्कृति और वहां के लोगों के प्यार का प्रतीक बन चुकी है। इसलिए, जब भी आप यूपी की तरफ जाएं, या कोई परिचित वहां से आ रहा हो, तो मैनपुरी की इस मशहूर सोन पापड़ी को मंगाना बिल्कुल मत भूलिएगा।
