Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    स्वाद में लाजवाब और सेहत का खजाना, जानिए यूपी-बिहार वाले पारंपरिक सत्तू पराठे की असली रेसिपी

    Updated: Sun, 24 May 2026 05:35 PM (IST)

    सत्तू का पराठा स्वाद में काफी लाजवाब होता है। इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। ...और पढ़ें

    कैसे बनाएं सत्तू का पराठा? (AI Generated Image)

    कैसे बनाएं सत्तू का पराठा? (AI Generated Image)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार और उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों में सत्तू का पराठा एक ऐसी डिश है, जो न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि सेहत के लिहाज से भी सुपरफूड मानी जाती है। भुने हुए चने से तैयार सत्तू प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। 

    सुबह के नाश्ते में या सफर पर ले जाने के लिए यह एक बेहतरीन और पेट भरने वाला ऑप्शन है। आइए जानते हैं पारंपरिक और बेहद स्वादिष्ट सत्तू का पराठा बनाने की आसान रेसिपी।

    सामग्री 

    स्टफिंग के लिए-

    • सत्तू- 1 कप (भुने चने का आटा)
    • प्याज- 1 बारीक कटा हुआ
    • हरी मिर्च- 2-3 बारीक कटी हुई
    • अदरक- 1 चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
    • लहसुन- 5-6 कलियां (बारीक कटी हुई)
    • हरा धनिया- आधा कप (बारीक कटा हुआ)
    • अचार का मसाला- 1-2 चम्मच (विशेषकर आम या मिर्च के अचार का मसाला और तेल)
    • नींबू का रस- 1 चम्मच
    • कलौंजी और अजवाइन- आधा छोटा चम्मच
    • सरसों का तेल- 1 से 2 चम्मच
    • नमक- स्वादानुसार

    आटा गूंथने के लिए-

    • गेहूं का आटा- 2 कप
    • नमक- आधा छोटा चम्मच
    • पानी- आवश्यकतानुसार
    • घी या तेल- पराठा सेकने के लिए
    Sattu ka paratha (1)
    (Picture Courtesy: Freepik)

    पराठा बनाने की रेसिपी

    • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा छान लें। इसमें थोड़ा सा नमक मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम और लचीला आटा गूंथ लें। ध्यान रहे कि आटा न तो ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ज्यादा गीला। गूंथे हुए आटे को ढककर 15-20 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें।
    • अब एक मिक्सिंग बाउल में सत्तू लें। इसमें कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और हरा धनिया डालें। इसके बाद अजवाइन और कलौंजी को हाथों से क्रश करके डालें। 
    • अब इसमें सबसे जरूरी सामग्री-अचार का मसाला और सरसों का तेल मिलाएं। लास्ट में नींबू का रस और स्वादानुसार नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
    • अगर स्टफिंग बहुत सूखी लग रही हो, तो इसमें एक या दो चम्मच पानी की छीटें मारकर मिला लें, ताकि पराठे में भरते समय सत्तू बिखरे नहीं। मिश्रण को हल्का सा नम होना चाहिए।
    • अब गूंथे हुए आटे से मध्यम आकार की लोइयां बना लें। एक लोई लें, उसे सूखे आटे में लपेटें और उंगलियों की मदद से कटोरी का आकार दें। इस कटोरी में 2 चम्मच सत्तू का मिश्रण भरें। 
    • अब आटे के किनारों को ऊपर की ओर लाते हुए आपस में जोड़ें और लोई को अच्छी तरह बंद कर दें। एक्स्ट्रा आटे को हटा दें और लोई को चपटा कर लें।
    • अब लोई पर दोबारा थोड़ा सूखा आटा लगाएं और बेलन की मदद से हल्के हाथों से गोल पराठा बेल लें। ध्यान रखें कि पराठा फटने न पाए। 
    • अब तवे को गैस पर गर्म करें। बेले हुए पराठे को तवे पर डालें। जब एक तरफ से हल्का सेक जाए, तो इसे पलट दें। दूसरी तरफ घी या तेल लगाएं और फिर से पलटकर अच्छी तरह दबाते हुए सेकें। दोनों तरफ सुनहरे भूरे धब्बे आने और पराठे के क्रिस्पी होने तक इसे मध्यम आंच पर सेकें।

    परोसने के तरीके

    • गरमा-गरम सत्तू के पराठे को पारंपरिक रूप से बैंगन-टमाटर के चोखे, तीखी हरी चटनी या आम के अचार के साथ परोसें।