बची हुई इडली को दें मसालेदार ट्विस्ट, ट्राई करें मसाला इडली फ्राई की यह आसान रेसिपी
अगर इडली बच गई है या आप कुछ चटपटा स्नैक खाना चाहते हैं, तो मसाला इडली बेहतरीन ऑप्शन है। यह एक आसान और पौष्टिक स्नैक है जो बच्चों और बड़ों दोनों को पसं ...और पढ़ें
-1771134636587_m.webp)
कैसे बनाएं मसाला इडली फ्राई? (Picture Courtesy: Freepik)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण भारतीय व्यंजनों में इडली अपनी सादगी और पौष्टिकता के लिए जानी जाती है। हालांकि, अगर आप प्लेन इडली नहीं खाना चाहते या सुबह नाश्ते की इडली बच गई है, तो ऐसे में उन्हें सादा खाने या फेंकने के बजाय, आप उसे एक बेहतरीन स्नैक के रूप में तैयार कर सकते हैं।
मसाला इडली या इडली फ्राई, बेहद स्वादिष्ट होती है और इसे बहुत ही आसानी से आप अपनी रसोई में बना सकते हैं। इसका स्वाद बड़ों को ही नहीं, बल्कि बच्चों को भी खूब पसंद आएगा। आइए जानें मसाला इडली बनाने की एकदम आसान रेसिपी।
सामग्री
- इडली- 5-6 (ठंडी या बची हुई इडली सबसे अच्छी रहती है)
- सब्जियां- 1 बारीक कटा हुआ प्याज, 1 शिमला मिर्च, 1 टमाटर और 2 हरी मिर्च
- मसाले- आधा चम्मच राई (सरसों के दाने), आधा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला
- तड़का- 8-10 कढ़ी पत्ते, एक चुटकी हींग
- अन्य- 2 चम्मच तेल, स्वादानुसार नमक, बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा सा नींबू का रस
(AI Generated Image)
बनाने की विधि
- सबसे पहले ठंडी इडली लें और उन्हें छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें। एक इडली के 4 या 6 टुकड़े करना काफी होता है। ध्यान रहे कि इडली बहुत ज्यादा नरम न हो, वरना फ्राई करते समय वह टूट सकती है।
- अब एक कड़ाही या नॉन-स्टिक पैन में 2 चम्मच तेल गरम करें। जब तेल गरम हो जाए, तो उसमें राई डालें। राई के चटकने के बाद कढ़ी पत्ते, हरी मिर्च और हींग डालें। हींग और कढ़ी पत्ते से इसका स्वाद तो बढ़ता ही है, साथ ही, खुशबू भी बहुत अच्छी आती है।
- अब कड़ाही में कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद इसमें शिमला मिर्च और टमाटर डालें। सब्जियों को बहुत ज्यादा नहीं गलाना है, उन्हें थोड़ा क्रिस्पी ही रहने दें।
- इसके बाद आंच को धीमा करें और इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें। मसालों को एक मिनट तक चलाएं। अगर मसाला सूखा लग रहा हो, तो एक चम्मच पानी छिड़क सकते हैं, ताकि मसाले जलें नहीं।
- अब कटे हुए इडली के टुकड़ों को कड़ाही में डालें और हल्के हाथों से इडली को मसालों के साथ मिलाएं ताकि हर टुकड़ा अच्छी तरह कोट हो जाए। इसे मध्यम आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें जब तक कि इडली के किनारे हल्के कुरकुरे न हो जाएं।
सर्व कैसे करें?
- मसाला इडली को एक प्लेट में निकाल में और ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ें और बारीक कटे हरे धनिये से सजाएं। आपकी गरमा-गरम मसाला इडली तैयार है। इसके साथ नारियाल की चटनी परोसना न भूलें।
यह भी पढ़ें- घर पर नाश्ते के लिए बनानी है मटर कचौड़ी, तो नोट कर लें हलवाई जैसी 'खस्ता कचौड़ी' बनाने का सीक्रेट