पकौड़े वाली कढ़ी खाकर हो गए हैं बोर? लंच में बनाएं चटपटी 'भिंडी कढ़ी', उंगलियां चाटते रह जाएंगे लोग
अगर आप प्लेन या पकौड़े वाली कढ़ी खाकर बोर हो गए हैं, तो आप भिंडी कढ़ी ट्राई कर सकते हैं। यह स्वाद में बेहद लाजवाब होती है। ...और पढ़ें

कैसे बनाएं भिंडी कढ़ी? (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कढ़ी-चावल का नाम सुनते ही हर भारतीय के मुंह में पानी आ जाता है। आमतौर पर घरों में बेसन के पकौड़े वाली कढ़ी या आलू की कढ़ी बनाई जाती है, लेकिन क्या आपने कभी भिंडी की कढ़ी ट्राई की है?
यह न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट और अनोखी लगती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी एक बेहतरीन है। भिंडी का क्रंची स्वाद और दही-बेसन का खट्टा-क्रीमी टेक्सचर मिलकर इस डिश को बेहद खास बना देते हैं। अगर आप एक ही तरह की कढ़ी खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया और रिफ्रेशिंग ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए ही है। आइए जानते हैं भिंडी की कढ़ी बनाने की बेहद आसान रेसिपी।
सामग्री
- भिंडी- 200 ग्राम
- दही- 1 कप
- बेसन- 3 बड़े चम्मच
- तेल या घी- 2 से 3 बड़े चम्मच
- मेथी दाना- 1/2 छोटा चम्मच
- राई- 1/2 छोटा चम्मच
- जीरा- 1/2 छोटा चम्मच
- हींग- एक चुटकी
- हरी मिर्च- 2
- अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
- कढ़ी पत्ता- 10-12
- हल्दी पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- बारीक कटा हरा धनिया- सजावट के लिए
बनाने की विधि
- सबसे पहले कटी हुई भिंडी को एक पैन में 1 चम्मच तेल डालकर मध्यम आंच पर 4 से 5 मिनट के लिए भून लें। ध्यान रहे कि भिंडी का चिपचिपापन खत्म हो जाना चाहिए और वो हल्की क्रिस्पी हो जाए। जब भिंडी सुनहरी हो जाए, तो इसे एक प्लेट में निकालकर अलग रख लें।
- अब एक बड़े बर्तन में दही और बेसन को एक साथ डालें। ब्लेंडर या व्हिस्कर की मदद से इसे तब तक फेंटें जब तक कि बेसन की सारी गुठलियां खत्म न हो जाएं। अब इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और लगभग 3 कप पानी डालकर एक पतला और स्मूथ घोल तैयार कर लें।
- इसके बाद एक गहरी कढ़ाई में दो चम्मच तेल या घी गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें राई, जीरा, मेथी दाना और हींग डालें। जब मसाले चटकने लगें, तब इसमें कढ़ी पत्ता, कटी हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर एक मिनट के लिए भूनें।
- अब गैस की आंच को धीमा करें और तैयार किया हुआ दही-बेसन का घोल कढ़ाई में डालें। घोल डालते समय चमचे से लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं। कढ़ी में एक उबाल आने तक इसे लगातार चलाते रहना जरूरी है। उबाल आने के बाद आंच को धीमा कर दें और कढ़ी को 15-20 मिनट तक पकने दें।
- जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए और थोड़ी गाढ़ी होने लगे, तब इसमें फ्राई की हुई भिंडी और स्वादानुसार नमक डालें। भिंडी डालने के बाद कढ़ी को धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट और पकाएं ताकि भिंडी कढ़ी के सारे फ्लेवर्स को सोख ले।
- इसके बाद आप चाहें, तो ऊपर से तड़का लगा सकते हैं। इसके लिए एक चम्मच घी में सूखी लाल मिर्च और थोड़ी सी कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर कढ़ी के ऊपर डालें। भिंडी कढ़ी बनकर तैयार है, इसे आप चावल या रोटी के साथ सर्व करें।