सुबह नाश्ता बनाने का नहीं है समय? झटपट तैयार करें टेस्टी और हेल्दी बनाना-ओट्स पैनकेक
अगर सुबह ब्रेकफास्ट बनाने के लिए ज्यादा समय नहीं है, तो बनाना-ओट्स पैनकेक बनाना आपके लिए काफी अच्छा ऑप्शन हो सकता है।

इंस्टेंट ब्रेकफास्ट के लिए बनाएं बनाना-ओट्स पैनकेक (Picture Courtesy: Freepik)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह की भागदौड़ में अक्सर हम नाश्ता स्किप कर देते हैं या फिर कुछ ऐसा खा लेते हैं जो सेहत के लिए सही नहीं होता। कभी-कभी ऐसा होना चलता है, लेकिन अगर आप अक्सर ही ब्रेकफास्ट स्किप कर रहे हैं, तो आपकी सेहत को नुकसान हो सकता है।
इससे बचने के लिए आप सुबह ब्रेकफास्ट में कुछ ऐसा ट्राई कर सकते हैं जो स्वादिष्ट हो, सेहत के लिए अच्छा हो और बनाने में भी काफी आसान हो। बनाना-ओट्स पैनकेक इसके लिए काफी बेहतरीन ऑप्शन है। यह रेसिपी न सिर्फ ब्रेकफास्ट के लिए, बल्कि बच्चों के टिफिन के लिए भी एक शानदार ऑप्शन है। आइए जानें बनाना-ओट्स पैनकेक बनाने की रेसिपी।
सामग्री (2 लोगों के लिए)
- ओट्स (रोल्ड या इंस्टेंट)- 1 कप
- पके हुए केले- 2 मध्यम आकार के
- दूध (डेयरी या बादाम का दूध)- ½ कप
- अंडा- 1 (शाकाहारी लोग दही का इस्तेमाल कर सकते हैं)
- बेकिंग पाउडर ½ छोटा चम्मच
- दालचीनी पाउडर- एक चुटकी
- वैनिला एसेंस- 2-3 बूंदें
- शहद या मेपल सिरप ऊपर से डालने के लिए
बनाने की विधि
- सबसे पहले ओट्स को मिक्सर ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें। जब यह आटे जैसा दिखने लगे, तो इसे एक बाउल में निकाल लें।
- अब एक दूसरे बर्तन में केले के छिलके उतारकर उन्हें कांटे की मदद से अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें अंडा या 2 चम्मच दही, दूध और वैनिला एसेंस मिलाएं और इसे तब तक फेंटें जब तक यह अच्छी तरह मिक्स न हो जाए।
- इसके बाद ओट्स के पाउडर में बेकिंग पाउडर और दालचीनी मिलाएं। धीरे-धीरे केले और दूध वाले मिश्रण को इसमें डालें और मिलाते रहें। ध्यान रहे कि बैटर बहुत ज्यादा पतला न हो; इसकी कंसिस्टेंसी इडली के घोल जैसी होनी चाहिए। इसे 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि ओट्स नमी सोख लें।
- अब एक नॉन-स्टिक तवे को मध्यम आंच पर गरम करें और उस पर थोड़ा सा मक्खन डालें। एक बड़े चम्मच की मदद से बैटर को तवे पर फैलाएं। ध्यान रखें कि इसे बहुत ज्यादा पतला न करें।
- जब पैनकेक की ऊपरी सतह पर छोटे-छोटे बुलबुले दिखने लगें, तो इसे सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी सुनहरा भूरा होने तक 1-2 मिनट पकाएं।
- बनाना-ओट्स पैनकेक बनकर तैयार है। इसे सर्व करने के लिए ऊपर थोड़ा शहद या मेपल सिरप डालें। पैनकेक को और आकर्षक बनाने के लिए आप ऊपर से कटे हुए केले के टुकड़े और ब्लूबेरी भी सजा सकते हैं।
