पश्चिमी सिंहभूम में 2 सप्ताह से लापता तीन युवतियां यूपी के मेरठ से बरामद, गुवा पुलिस को मिली सफलता
पश्चिमी सिंहभूम जिले से दो सप्ताह पहले लापता हुई दो नाबालिग समेत तीन लड़कियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकुशल बरामद कर लिया है। ...और पढ़ें

गुवा थाना पुलिस को जीआरपी मेरठ के सहयोग से लापता युवतियों को ढूंढने में सफलता मिली है।
HighLights
गुवा पुलिस ने मेरठ जीआरपी के सहयोग से खोजा।
लड़कियां काम की तलाश में मेरठ गई थीं।
जासं, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई दो नाबालिग समेत तीन लड़कियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकुशल बरामद कर लिया है।
यह सफलता गुवा थाना पुलिस को जीआरपी मेरठ (GRP Meerut) के सहयोग से मिली है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तीनों लड़कियां काम की तलाश में मेरठ गई थीं। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को सकुशल गुवा थाना लाया गया है।
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई थी सनहा
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा गांव निवासी मादो चाम्पिया ने 1 अगस्त को थाने में लिखित आवेदन दिया था।
उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी बिना बताए करीब दो सप्ताह पहले घर से कहीं चली गई है। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब उन्होंने पुलिस की शरण ली।
गुवा पुलिस ने तुरंत दैनिक सनहा (Sanha) दर्ज कर जांच का जिम्मा सहायक अवर निरीक्षक (ASI) भुवनेश्वर महतो को सौंपा।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई थी छापेमारी टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विनित किंडो के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लड़कियां काम करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के मेरठ गई हैं। वरीय अधिकारियों के आदेश मिलते ही पुलिस टीम 4 अगस्त को मेरठ के लिए रवाना हो गई।
मेरठ जीआरपी के सहयोग से मिली सफलता
मेरठ पहुंचकर स्थानीय GRP के सहयोग से सघन जांच-पड़ताल की गई, जिसके बाद तीनों लड़कियों को सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला गया।
बरामद की गई लड़कियों में गुवा थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय किशोरी, नोवामुंडी थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी और एक 21 वर्षीय युवती शामिल हैं।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
इस सफल अभियान में किरीबुरू एसडीपीओ विनित किंडो, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, एएसआई भुवनेश्वर महतो, महिला आरक्षी सुशीला माई कुदादा, आरक्षी सतीश कुमार सिंह तथा गुवा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।