विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नक्सल विरोधी अभियान: सारंडा में मिसिर बेसरा के दस्ते से मुठभेड़, कोबरा बटालियन का एक जवान घायल

By Sudhir PandeyEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Wed, 15 Apr 2026 03:35 PM (IST)

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते के बीच भीषण ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़।

  2. सुरक्षाबलों ने क्षेत्र को घेरा, सर्च ऑपरेशन जारी।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई है। यह मुठभेड़ कुख्यात और करोड़ों के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ होने की सूचना है। 
 

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ सामना

इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को चारों तरफ से घेर लिया है। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारंडा के उत्तर-पूर्वी इलाके में पिछले कई दिनों से नक्सलियों के विरुद्ध व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 
 
इसी अभियान के क्रम में बुधवार को सीआरपीएफ (CRPF) की कोबरा 205 बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस के जवान जंगल में गश्त पर थे। तभी अचानक अपना कैंप बदल रहे नक्सलियों के दस्ते से जवानों का सामना हो गया। 
 

कोबरा बटालियन का एक जवान घायल

नक्सलियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस मुठभेड़ में कोबरा 205 बटालियन का एक जवान घायल हुआ है। 
 
घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए रेस्क्यू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में कुछ नक्सलियों के मारे जाने या घायल होने की भी प्रबल आशंका है। 
 

अतिरिक्त बल रवाना, घेराबंदी जारी


हालांकि, अभी तक किसी भी शव की बरामदगी या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि:

    "सारंडा के दुर्गम इलाके में ऑपरेशन अभी जारी है। नक्सलियों की ओर से रुक-रुक कर फायरिंग की जा रही है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।"

इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर अतिरिक्त बलों को भेजा गया है। सुरक्षाबल जंगलों में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि नक्सलियों के भागने के सभी रास्ते बंद किए जा सकें। आधिकारिक बयान मुठभेड़ समाप्त होने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही जारी किया जाएगा।