महज दो महीने में जमींदोज हुआ राउरकेला स्टेशन का शेड! कार और टेंपो क्षतिग्रस्त, ठेकेदार की सिक्योरिटी जब्त
राउरकेला रेलवे स्टेशन पर दो महीने पहले बना 98 लाख का नया शेड सोमवार सुबह अचानक गिर गया, जिससे नीचे खड़ी एक कार और ऑटो-टेंपो क्षतिग्रस्त हो गए। ...और पढ़ें

राउरकेला रेलवे स्टेशन पर शेड गिरने के कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई।
HighLights
हादसे में कार और ऑटो-टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए।
रेलवे ने निर्माण एजेंसी की जमानत राशि जब्त की।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर । चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत राउरकेला रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने हाल ही में बना नया शेड सोमवार की सुबह अचानक भरभराकर गिर गया।
लगभग 98 लाख रुपये की लागत से महज दो महीने पहले तैयार किए गए इस शेड के गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शेड के मलबे की चपेट में आने से नीचे खड़ी एक कार और एक ऑटो-टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
बाल-बाल बचे यात्री, मची भगदड़
रेलवे प्रशासन ने यह शेड यात्रियों और वाहन चालकों को धूप व बारिश से बचाने के उद्देश्य से बनवाया था। हादसे के वक्त शेड के नीचे कई यात्री और वाहन चालक मौजूद थे।
जैसे ही शेड का लोहे व कंक्रीट का ढांचा गिरना शुरू हुआ, यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में कोई यात्री गंभीर रूप से घायल या हताहत नहीं हुआ।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
राउरकेला स्टेशन परिसर में हुए इस हादसे ने चक्रधरपुर रेल मंडल में रेलवे के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुपरविजन व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
स्थानीय यात्रियों और प्रबुद्ध नागरिकों का आरोप है कि इस शेड के निर्माण के समय से ही सामग्री की गुणवत्ता और मानकों को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे।
लोगों का कहना है कि यदि रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय रहते निरीक्षण किया जाता, तो इतना बड़ा हादसा टल सकता था।
अधिकारियों का रुख: एजेंसी पर सख्त कार्रवाई
घटना के संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने इस हादसे को बेहद गंभीरता से लिया है।
उन्होंने कहा कि शेड का निर्माण करने वाली संबंधित एजेंसी की सिक्योरिटी डिपॉजिट (जमानत राशि) जब्त कर ली गई है।
मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माण एजेंसी पर आगे की कड़ी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।