चाईबासा के आयुगोड़ा जंगल में गर्भवती युवती का शव मिलने से सनसनी, एक साल पहले हुई थी शादी
पश्चिमी सिंहभूम के आयुगोड़ा जंगल में 18 वर्षीय गर्भवती युवती दशमा सांवैया का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शु ...और पढ़ें

जंगल में मवेशी चराने गए बच्चों ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत अपने परिजनों को इसकी सूचना दी।
HighLights
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेजा।
मृतका दशमा सांवैया की शादी एक साल पहले हुई थी।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आयुगोड़ा जंगल में रविवार को 18 वर्षीय गर्भवती युवती दशमा सांवैया का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जंगल में मवेशी चराने गए बच्चों ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों व गांव के मुंडा के माध्यम से मंझारी थाना पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही मंझारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।
एक साल पहले हुई थी शादी
पुलिस मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच-पड़ताल कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका दशमा सांवैया की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व बुनमलता गांव निवासी भूषण कुंकल के साथ हुई थी।
वह गर्भवती थी और परिजनों के अनुसार पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में चल रही थी। पिछले दो महीनों से वह अपने मायके दौड़ोपोसी गांव में ही रह रही थी।
मौत के कारणों पर सस्पेंस
गर्भवती युवती का शव जंगल तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर संभावित बिंदु को ध्यान में रखकर गहन छानबीन जारी है।