विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सदन में गूंजा वन पट्टाधारियों का मामला: कोल्हान क्षेत्र में नहीं बन रहे जाति प्रमाण पत्र, जानिए सरकार क्‍या बोली

Published: Thu, 11 Dec 2025 08:03 PM (IST)

मनोहरपुर के झामुमो विधायक जगत माझी ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कोल्हान क्षेत्र के वन पट्टाधारियों का जाति प्रमाण ...और पढ़ें

गुरुवार को झारखंड विधानसभा में चालू शीत सत्र में अपनी मांग रखते झामुमो विधायक जगत माझी।

गुरुवार को झारखंड विधानसभा में चालू शीत सत्र में अपनी मांग रखते झामुमो विधायक जगत माझी।

HighLights

  1. विधायक जगत माझी ने सदन में उठाया मुद्दा

  2. जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से शिक्षा से वंचित

  3. मंत्री दीपक बिरूवा ने दिया समाधान का आश्वासन

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। मनोहरपुर के झामुमो विधायक जगत माझी ने गुरुवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कोल्हान क्षेत्र के वन पट्टाधारियों का जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान, पोड़ाहाट, चाईबासा और सारंडा वन प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले वन पट्टाधारियों को लंबे समय से जाति प्रमाण पत्र नहीं मिल रहा है। 
 
विधायक ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से उनके बच्चे शिक्षा, छात्रवृत्ति तथा अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित रह जा रहे हैं। विधायक ने सदन को बताया कि वह इस मुद्दे को पहले भी ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में प्रमुखता से उठा चुके हैं। 
 
जहां मामला वर्तमान में समीक्षा के अधीन है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वन पट्टाधारियों का जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए, ताकि लाभुक अपने अधिकारों और योजनाओं का लाभ उठा सकें।
 
विधायक के प्रश्न के जवाब में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दीपक बिरूवा ने समस्या को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह सही है कि वन पट्टाधारियों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 
 
मंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले पर गंभीर है और अगले बजट सत्र से पूर्व इस दिशा में ठोस निर्णय लिया जाएगा। मंत्री के इस आश्वासन के बाद विधायक जगत माझी ने सरकार की संवेदनशीलता के लिए धन्यवाद दिया।