Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    तीन राज्यों की पुलिस का मास्टर प्लान: अंतरराज्यीय सीमा पर नक्सलियों, ड्रग्स और पशु तस्करों पर कसेगा शिकंजा

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 07:28 PM (GMT+05:30)

    चाईबासा में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पुलिस अधिकारियों की अंतरराज्यीय बैठक हुई। इसमें नक्सलियों, ड्रग्स और पशु तस्करों के खिलाफ संयुक्त अभियान ...और पढ़ें

    कोल्हान क्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक संपन्न हुई।

    कोल्हान क्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक संपन्न हुई।

    HighLights

    1. नक्सलियों, ड्रग्स, पशु तस्करी पर संयुक्त कार्रवाई की रणनीति।

    2. सीमावर्ती क्षेत्रों में खुफिया जानकारी साझा कर अभियान तेज होंगे।

    संवाद सहयोगी, चाईबासा। 2.20 करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी मिसिर बेसरा समेत उसके पांच सहयोगियों की गिरफ्तारी और 16 सक्रिय माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद सारंडा, कोल्हान और पोड़ाहाट क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। 
     
    इसी रणनीति के तहत गुरुवार को चाईबासा स्थित पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण इंटर स्टेट बोर्ड बैठक आयोजित की गई।
     
    कोल्हान क्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में तीनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में नक्सली गतिविधियों, मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी, पशु तस्करी तथा अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क पर विस्तृत चर्चा हुई।
     

    सीमावर्ती जंगलों में संयुक्त अभियान को मिलेगी धार

    बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली दस्तों से संबंधित महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस के आदान-प्रदान और समन्वित संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति पर सहमति बनी। 
     
    अधिकारियों ने कहा कि नक्सली और अंतरराज्यीय अपराधी अक्सर राज्य की सीमाओं का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करते हैं। ऐसे में तीनों राज्यों के बीच रियल-टाइम सूचना साझा करना और त्वरित संयुक्त कार्रवाई ही इस चुनौती से निपटने का सबसे कारगर माध्यम है।
     

    ड्रग्स और पशु तस्करी पर भी होगी सख्त कार्रवाई

    बैठक के दौरान केवल नक्सलवाद ही नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय ड्रग्स और पशु तस्करी के संगठित गिरोहों पर भी नकेल कसने के लिए साझा रणनीति बनाई गई। 
     
    अधिकारियों ने सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का संकल्प लिया।


    इस बैठक में ओडिशा के राउरकेला वेस्टर्न जोन के डीआईजी ब्रजेश कुमार राय, पश्चिम बंगाल बांकुड़ा रेंज के डीआईजी अभिषेक मोदी, पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु, सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज कुमार स्वर्गियारी, मयूरभंज, झारग्राम, पुरुलिया, क्योंझर और सुंदरगढ़ के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) समेत तीनों राज्यों के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।