विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुवा में प्रेम प्रसंग के चलते युवती ने की आत्महत्या, घर में मिला शव

Updated: Fri, 27 Feb 2026 06:29 PM (IST)

गुवा के हिरजी हाटिंग गांव में 21 वर्षीय अंशु लोहार ने प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह तमिलनाडु में काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। मां की असहमति के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थी।

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. गुवा में 21 वर्षीय युवती अंशु लोहार ने की आत्महत्या।

  2. प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव को बताया जा रहा कारण।

  3. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।

जागरण संवाद सूत्र, गुवा । गुवा थाना क्षेत्र के हिरजी हाटिंग गांव में शुक्रवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय युवती अंशु लोहार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका अंशु लोहार (पिता- सोमरा लोहार) तमिलनाडु में एक कपड़ा सिलाई इकाई में कार्य करती थी। काम के दौरान ही उसकी मुलाकात देवघर के एक युवक से हुई, जो वहीं मजदूरी करता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे प्रेम संबंध में बंध गए। 
 
चर्चा है कि दोनों विवाह करने की योजना भी बना रहे थे। कुछ समय पहले ही अंशु अपने पैतृक घर गुवा लौटी थी। वह नियमित रूप से फोन पर उस युवक के संपर्क में थी। 
 
जब इस बात की भनक उसकी मां को लगी, तो उन्होंने अंशु को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी पारिवारिक तनाव और प्रेम प्रसंग के कारण युवती मानसिक रूप से परेशान थी।

घटना के वक्‍त घर में कोई नहीं था

शुक्रवार सुबह जब अंशु की मां नदी पर स्नान करने गई हुई थीं, तब घर में कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाकर अंशु ने दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली।

मां जब वापस लौटीं और काफी आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर अंशु का शव फंदे से झूलता मिला। परिजन उसे तत्काल सेल अस्पताल गुवा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित कारणों की गहनता से जांच कर रही है।