अंधविश्वास की बलि: चाईबासा में डायन के संदेह में दिव्यांग महिला की हत्या, नदी से मिला शव
चाईबासा के छोटा तोरलो गांव में अंधविश्वास के चलते एक दिव्यांग महिला जोगबती बिरूवा की हत्या कर दी गई। उसका शव नदी से बरामद हुआ है और पुलिस डायन-बिसाही ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।(AI Generated Image)
HighLights
चाईबासा में दिव्यांग महिला की हत्या अंधविश्वास के कारण।
जोगबती बिरूवा का शव नदी से बरामद हुआ।
पुलिस डायन-बिसाही के एंगल से कर रही जांच।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। मंझारी थाना क्षेत्र के छोटा तोरलो गांव में अंधविश्वास के कारण एक महिला की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
गांव की 50 वर्षीय जोगबती बिरूवा का शव रविवार सुबह गांव के पास स्थित नदी से बरामद किया गया। मृतका अविवाहित थीं, हाथ से दिव्यांग थीं और घर में अकेली रहती थीं।
परिजनों ने शरीर पर जख्म के निशान मिलने के बाद डायन-बिसाही के शक में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस भी इसी एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।
शनिवार रात सोई थीं घर में, सुबह नदी में मिला शव
ग्रामीणों के अनुसार, जोगबती शनिवार रात खाना खाने के बाद अपने घर में सोने चली गई थीं। रविवार सुबह छोटा तोरलो नदी में महिला का शव तैरता मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो शव की पहचान जोगबती के रूप में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के मुताबिक, जोगबती के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान मिले हैं।
आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या की और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नदी में फेंक दिया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
ग्रामीण मुंडा किटी बिरूवा की सूचना पर मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
मृतका के भतीजे सुखलाल बिरूवा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंझारी थाना प्रभारी दिलीप साय मांझी ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में डायन-बिसाही के शक का पहलू सामने आया है। अनुसंधान और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।