विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रधरपुर में मानव तस्करी का भंडाफोड़: होटल से 6 नाबालिगों समेत 36 मजदूर मुक्त, गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार

Published: Mon, 18 May 2026 08:16 PM (IST)

चक्रधरपुर में पुलिस और श्रम विभाग ने मानव तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एक होटल ...और पढ़ें

सोमवार को चक्रधरपुर थाना में प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी व पीछे खड़े मानव तस्‍कर।

सोमवार को चक्रधरपुर थाना में प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी व पीछे खड़े मानव तस्‍कर।

HighLights

  1. बंधुआ मजदूरी के लिए गुजरात ले जाने की तैयारी थी।

  2. गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार, बस भी जब्त हुई।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में पुलिस और श्रम विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर मानव तस्करी (Human Trafficking) के एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शहर के 'के टू' होटल में छापेमारी कर तस्करों के चंगुल से 30 महिला-पुरुष मजदूरों और 6 नाबालिग बच्चों (5 लड़के और 1 लड़की) को मुक्त कराया है। 
 
इन सभी को बंधुआ मजदूरी के लिए गुजरात ले जाने की तैयारी थी। मौके से पुलिस ने मजदूरों को ले जाने के लिए खड़ी बस (OR 11H 0797) को भी जब्त कर लिया है।
 

गुप्त सूचना पर आधी रात को एक्शन

जानकारी के अनुसार, रविवार की रात पोड़ाहाट अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ तस्करों द्वारा नाबालिगों और व्‍यस्कों को बंधक बनाकर होटल में रखा गया है। गुप्‍त सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। 
 
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) सह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साजेस माहतो, 'कर्रा सोसाइटी फॉर रूरल एक्शन' और चाइल्डलाइन की एक संयुक्त टीम ने तुरंत होटल की घेराबंदी कर दबिश दी और सभी पीड़ितों को रेस्क्यू किया।
 

गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार, केस दर्ज 

पुलिस ने मौके से गुजरात के रहने वाले दो मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निकुंज गोविन्द बोरसानिया (32) और कादिवार निलेश भाई जेयेन्द्र भाई (34) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गुजरात के मोरवी (राजकोट) के निवासी हैं।

पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इनके खिलाफ चक्रधरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तस्करों के खिलाफ वि‍भिन्‍न धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।
 

नाबालिगों को भेजा गया चाइल्डलाइन 

बाल कल्याण समिति (CWC) चाईबासा के निर्देश पर मुक्त कराए गए सभी 6 बच्चों को सुरक्षित काउंसलिंग के लिए चाइल्डलाइन को सौंप दिया गया है। चक्रधरपुर पुलिस के अनुसार, इस क्षेत्र में पूर्व में भी कई बार बाल तस्करी की कोशिशों को नाकाम किया गया है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन मजदूरी के नाम पर हो रही इस अवैध तस्करी को लेकर सख्त है।