चक्रधरपुर के प्रसिद्ध फुटबॉलर और कमेंटेटर थामस बोयपाई का निधन, खेल जगत में शोक की लहर
चक्रधरपुर के प्रसिद्ध फुटबॉलर और लोकप्रिय कमेंटेटर थामस बोयपाई (32) का अचानक निधन हो गया।

थामस बोयपाई। (फाइल फोटो)
HighLights
चक्रधरपुर के प्रसिद्ध फुटबॉलर थामस बोयपाई का निधन।
32 वर्षीय बोयपाई लोकप्रिय कमेंटेटर भी थे।
उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर के प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी एवं लोकप्रिय कमेंटेटर थामस बोयपाई (32 वर्ष) का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया।
उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और ग्रामीण खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर प्रखंड के लौड़िया गांव निवासी थामस बोयपाई की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि उनका रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) अचानक बढ़ गया, जिसके कारण वे जमीन पर गिर पड़े। स्वजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
थामस बोयपाई न केवल एक प्रतिभाशाली फुटबॉलर थे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी दमदार और प्रभावशाली कमेंट्री के लिए भी काफी लोकप्रिय थे।
युवाओं के बीच थे लोकप्रिय
उनकी खेल भावना, मधुर व्यवहार और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण ने उन्हें क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई थी। वे युवाओं के बीच भी काफी लोकप्रिय थे और स्थानीय खेल गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही खेल जगत से जुड़े लोगों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों तथा शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
स्वजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को गांव के श्मशान घाट में किया जाएगा। थामस बोयपाई का असमय निधन क्षेत्रीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़: एक ही दिन में 75 पुड़िया के साथ 5 Drug peddler गिरफ्तार
