चाईबासा शर्मसार: घर में घुसकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, 10 दिनों तक खौफ के साये में रही पीड़िता
पश्चिमी सिंहभूम के झींकपानी में एक युवती से घर में घुसकर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों की धमकी से डरी पीड़िता ने 10 दिन बाद तबीयत बिगड ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
धमकी के कारण पीड़िता 10 दिन तक रही खामोश।
तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को बताई आपबीती, FIR दर्ज।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी प्रखंड से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के मडकमहातु गांव में एक युवती के साथ उसके ही गांव के तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
दरिंदगी की यह घटना करीब 10-12 दिन पहले की है, लेकिन आरोपियों के खौफ और धमकी के कारण पीड़िता अब तक चुप थी। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, घटना उस समय की है जब वह सुबह अपने घर में झाड़ू लगा रही थी।
अकेली पाकर घर में घुसे दरिंदे
घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर गांव के तीन युवक जबरन घर में घुस आए और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। कृत्य को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी कि यदि उसने मुंह खोला तो अंजाम बुरा होगा।
तबीयत बिगड़ने पर हुआ खुलासा
इस धमकी से युवती इतनी डर गई कि उसने अपने माता-पिता तक को कुछ नहीं बताया। हालांकि, घटना के एक सप्ताह बाद सदमे और शारीरिक प्रताड़ना के कारण उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उसे विश्वास में लेकर पूछताछ की, तब पीड़िता ने अपने ऊपर बीती दर्दनाक दास्तां सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी
इसके बाद परिजनों ने ग्राम मुंडा से संपर्क किया। ग्राम मुंडा और ग्रामीणों के सहयोग से बुधवार को झींकपानी थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। झींकपानी थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की हर बिंदु से जांच कर रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।